- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गोंदिया
- /
- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने...
New Delhi News: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने गोंदिया-जबलपुर रेल मार्ग दोहरीकरण को दी मंजूरी, पूरी होगी 231 किलोमीटर लंबी परियोजना

New Delhi News. केंद्र सरकार ने गोंदिया-जबलपुर रेल लाइन के दोहरीकरण को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई आर्थिक मामलों की केंद्रीय मंत्रिमंडल समिति की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। 231 किमी लंबी इस परियोजना की अनुमानित लागत 5,236 करोड़ रुपए है। इस परियोजना को पांच वर्ष की अवधि में पूरा किया जाएगा।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि गोंदिया-जबलपुर रेल मार्ग दोहरीकरण महाराष्ट्र के गोंदिया जिले से होकर मध्य प्रदेश के जबलपुर, मंडला, सिवनी और बालाघाट से होकर गुजरेगा। यह परियोजना वन क्षेत्र से होकर गुजरेगी। इस वजह से वन्यजीवों के लिए अंडरपास और बाड़ लगाने के लिए 450 करोड़ की राशि का प्रावधान किया गया है। इस परियोजना में नर्मदा नदी पर एक महत्वपूर्ण पुल बनाया जाएगा। इसके साथ ही 65 प्रमुख और 369 छोटे पुल बनाए जाएंगे। इस परियोजना में 28 लेवल क्रॉसिंग, 88 रोड अंडर ब्रिज बनाए जाएंगे।
परियोजना के पूरा होने से अयोध्या धाम, वाराणसी, प्रयागराज, रामेश्वर, मदुरै जैसे बड़े तीर्थ स्थलों के लिए बेहतर रेल संपर्क बनेगा। इसके साथ ही कान्हा नेशनल पार्क, पेंच टाइगर रिजर्व, कचनार शिव मंदिर,गांगुलपारा बांध, धुआंधार वॉटरफॉल जैसे लोकप्रिय पर्यटक स्थलों तक पहुंच आसाना होगी। इसके साथ ही सालाना 7.6 मिलियन टन अतिरिक्त माल ढुलाई की सुविधा मिलेगी।
Created On :   24 Feb 2026 6:42 PM IST













