राजनीति: पटना भाजपा ने स्टालिन और रेवंत रेड्डी का पुतला फूंका, विरोध में जमकर की नारेबाजी

पटना, 27 अगस्त (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की 'वोटर अधिकार यात्रा' में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के शामिल होने को लेकर विरोध तेज हो गया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजधानी पटना में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का बुधवार को पुतला फूंका और उनके बिहार आने का विरोध जताया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय से सैकड़ों कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में निकले। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं के हाथों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव, स्टालिन और रेवंत रेड्डी के विरोध में लिखे नारे के पोस्टर और तख्तियां थीं। सभी कार्यकर्ता इनके विरोध में नारे लगा रहे थे।
आयकर गोलंबर के पास भाजपा कार्यकर्ताओं ने तमिलनाडु के सीएम स्टालिन और तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी का पुतला फूंका। कार्यक्रम में पसमांदा फाउंडेशन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सदस्य शामिल हुए।
पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल भाजपा प्रदेश के मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने कहा कि रेवंत रेड्डी ने जहां बिहार के लोगों को, सनातन को, अपमानित किया, इसके बाद भी कांग्रेस और राजद के 'युवराज' उन्हें बिहार लाकर घुमा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को समझना चाहिए था कि यह बिहार के सम्मान और स्वाभिमान की बात है। तेजस्वी यादव को इसका जवाब देना चाहिए कि बिहार को अपमानित करने वालों को यहां क्यों लेकर आए?
उन्होंने कहा कि बिहार को अपमानित करने वालों को बिहार बर्दाश्त नहीं करेगा। रेवंत रेड्डी और स्टालिन ने बिहारियों के साथ दुर्व्यवहार किया है, इसके लिए आपको बिहार की धरती पर माफी मांगनी चाहिए। बिहार के लोग कभी स्वाभिमान से समझौता नहीं करते हैं, बिहार के लोग इस बार भी यह साबित कर देंगे।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान ने कहा कि बिहार के लोग अगले चुनाव में इस अपमान का बदला जरूर लेंगे। बिहार का अपमान करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आज भले तेजस्वी यादव सत्ता की भूख में बिहार के लोगों का अपमान करने वालों का भी स्वागत कर रहे हों, लेकिन इसका परिणाम उन्हें भुगतना होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Aug 2025 8:54 PM IST