हॉकी: हॉकी एशिया कप 2025 आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा पीएम मोदी

नई दिल्ली, 28 अगस्त (आईएएनएस)। पूरे देश में 29 अगस्त को 'राष्ट्रीय खेल दिवस' के रूप में मनाया जाएगा। इसी दिन से बिहार के राजगीर में हॉकी एशिया कप 2025 की शुरुआत होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही पीएम ने भरोसा जताया है कि यह टूर्नामेंट आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा।
पीएम मोदी ने 'एक्स' पोस्ट पर लिखा, "29 अगस्त (जो राष्ट्रीय खेल दिवस और मेजर ध्यानचंद की जयंती भी है) से बिहार के ऐतिहासिक शहर राजगीर में पुरुष हॉकी एशिया कप 2025 का आगाज होने जा रहा है। मैं एशिया की सभी प्रतिभागी टीमों, खिलाड़ियों, अधिकारियों और समर्थकों को शुभकामनाएं देता हूं।"
उन्होंने लिखा, "भारत और एशिया के लाखों लोगों के दिलों में हॉकी का हमेशा से एक खास स्थान रहा है। मुझे विश्वास है कि यह टूर्नामेंट रोमांचक मुकाबलों, असाधारण प्रतिभाओं के प्रदर्शन और यादगार पलों से भरपूर होगा, जो खेल प्रेमियों की आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा।"
बीते कुछ समय में बिहार ने कई बड़े टूर्नामेंट्स की मेजबानी की है। पीएम मोदी ने लिखा, "यह बेहद हर्ष का विषय है कि बिहार पुरुष हॉकी एशिया कप 2025 की मेजबानी कर रहा है। हाल के समय में बिहार ने एक वाइब्रेंट स्पोर्टिंग हब के रूप में अपनी पहचान बनाई है, जहां खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025, एशिया रग्बी अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप 2025, सेपकटकरॉ वर्ल्ड कप 2024 और विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2024 जैसे बड़े टूर्नामेंट आयोजित किए गए। यह लगातार मिल रही गति बिहार के विकसित होते बुनियादी ढांचे, जमीनी स्तर पर बढ़ते उत्साह और विभिन्न खेल विधाओं में प्रतिभा को निखारने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।"
भारतीय टीम को जापान, चीन और कजाकिस्तान के साथ ग्रुप-ए में रखा गया है, जबकि ग्रुप-बी में बांग्लादेश के अलावा साउथ कोरिया, मलेशिया और चीनी ताइपे शामिल हैं।
भारतीय टीम 29 अगस्त को चीन के खिलाफ मुकाबले के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। 31 अगस्त को उसे जापान से भिड़ना है। 1 सितंबर को भारतीय टीम कजाकिस्तान को चुनौती देगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Aug 2025 8:36 PM IST