राष्ट्रीय: मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन को मिला एक साल का एक्सटेंशन, सीएम ने दी बधाई

मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन को मिला एक साल का एक्सटेंशन, सीएम ने दी बधाई
वे 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने वाले थे।

भोपाल, 28 अगस्त (आईएएनएस) मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन को एक साल की सेवा वृद्धि मिल गई है। वे 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने वाले थे।

मुख्य सचिव जैन को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बधाई देते हुए उनके नवाचार और प्रशासनिक प्रयासों की सराहना की है। राज्य के मुख्य सचिव जैन 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने वाले थे और कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे। गुरुवार की रात को जैन को सेवा वृद्धि मिलने की सूचना आई।

मुख्यमंत्री यादव ने जैन की सेवा वृद्धि पर सोशल मीडिया पर लिखा है, "मध्य प्रदेश शासन के मुख्य सचिव अनुराग जैन, आपको कार्यकाल के एक वर्ष बढ़ाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके दीर्घ प्रशासनिक अनुभव, नवाचारों और सतत् प्रयासों से प्रदेश की विकास यात्रा निरंतर नए प्रतिमान स्थापित करे, मेरी मंगलकामनाएं।"

वर्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन का कार्यकाल उस समय खत्म हो रहा है जब राज्य में कई बड़ी परियोजनाएं आकार ले रही हैं। इतना ही नहीं, वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ की तैयारी भी जोरों पर है। इन स्थितियों में मुख्य सचिव में बदलाव समस्याएं पैदा कर सकता था, लिहाजा यह माना जा रहा था कि अनुराग जैन को कम से कम 6 माह की सेवा वृद्धि मिल सकती है, मगर उन्हें केंद्र सरकार की ओर से एक साल की सेवा वृद्धि मिल गई है।

पिछले दिनों कुछ दिनों में राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से कई मुलाकातें हो चुकी हैं और उसमें मुख्य सचिव को लेकर चर्चा भी हुई थी। अनुराग जैन केंद्र सरकार की पसंद हैं और इसीलिए इस बात की संभावना ज्यादा जताई जा रही थी कि उन्हें सेवा वृद्धि दी जा सकती है।

वहीं, राज्य के तीन बड़े अधिकारी इस पद के दावेदार माने जाते रहे थे, जिनमें डॉ. राजेश राजौरा, अशोक वर्णवाल और अलका उपाध्याय शामिल हैं। अब अनुराग जैन को एक साल की सेवावृद्धि मिलने से कई दावेदारों के मनसूबे पूरे न होने की संभावना ज्यादा बढ़ गई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 Aug 2025 9:33 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story