राजनीति: झूठ और फरेब की राजनीति करती है भाजपा शक्ति सिंह गोहिल

उधम सिंह नगर, 4 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ किए गए अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर भाजपा के हमलों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी उस समय मंच पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ और फरेब की राजनीति करती है।
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि यह भारतीय जनता पार्टी नहीं बल्कि 'बड़का झूठी पार्टी' है। उन्होंने कहा कि न तो राहुल गांधी ने मंच से ऐसा कुछ बोला है और ना ही राहुल गांधी उस वक्त मंच पर थे, जिस वक्त की भारतीय जनता पार्टी के लोग बात कह रहे हैं।
गोहिल ने कहा कि जिस समय पीएम मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, उन्होंने सोनिया गांधी, इंदिरा गांधी, जवाहर लाल नेहरू और राहुल गांधी के बारे में कई बार अपशब्द बोले थे। भारतीय जनता पार्टी के लोग झूठ और फरेब की राजनीति कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह ने संसद में संविधान निर्माता डॉक्टर बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के आगे भी "जी" तक नहीं लगाया। मां को साथ न रखने वाले लोग, झूठ और फरेब की राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार ने हमेशा सबका सम्मान किया है और ना इस तरह की राजनीति कभी की है और न ही करेगी।
कांग्रेस नेता ने उत्तराखंड में आई आपदा को लेकर कहा कि प्रदेशभर में आई प्राकृतिक आपदा से लोगों को बड़ा नुकसान हुआ। उन पीड़ित परिवारों के प्रति पार्टी की गहरी संवेदना है, जिन्होंने इस आपदा में अपना सब कुछ खो दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को तेजी से राहत एवं बचाव कार्य करना चाहिए, इसमें सरकार पूरी तरह से विफल रही है। किसी भी तरह की राहत सही वक्त पर सही तरीके से नहीं मिली। कांग्रेस के समय में जो सड़कें बनाई गई थी, वह आज भी वैसी की वैसी है और जो सड़कें भाजपा सरकार के समय बनी है, वह सब खत्म हो चुकी है। यह भाजपा का भ्रष्टाचार है।
कांग्रेस सांसद शक्ति सिंह गोहिल कहते हैं कि मुझे गर्व है कि मेरी पार्टी आंतरिक लोकतंत्र को बनाए रखती है। जमीनी कार्यकर्ताओं की जरूरतों को समझने के लिए 'संगठन सृजन अभियान' एक बेहतरीन पहल रही है। राहुल गांधी इसमें पूरी दिलचस्पी लेते हैं और अपना समय समर्पित करते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Sept 2025 7:31 PM IST