ओटीटी: रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' में हुई भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह की एंट्री

मुंबई, 4 सितंबर (आईएएनएस)। 'राइज एंड फॉल' एक नया रियलिटी शो है, इसे अमेजन एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम किया जाएगा। इस शो में अर्जुन बिजलानी, कीकू शारदा, धनश्री वर्मा और कुबरा सैत जैसे सितारे हैं। अब इस शो में भोजपुरी एक्टर पवन सिंह की एंट्री हो गई है।
'राइज एंड फॉल' को 'शार्क टैंक' फेम मशहूर बिजनेसमैन अशनीर ग्रोवर होस्ट करने वाले हैं। शो का कॉन्सेप्ट कुछ-कुछ 'बिग बॉस' के जैसा ही है। इसमें कंटेस्टेंट को नए-नए टास्क में खुद को साबित करना होगा।
पवन सिंह ने हाल ही में इस शो का हिस्सा होने की पुष्टि की है। उनका कहना है कि यह शो उन्हें नए लोगों से जुड़ने का मौका देगा। पवन सिंह ने कहा, "मेरा सफर हमेशा से अपने संगीत और अपने व्यक्तित्व के माध्यम से लोगों से जुड़ने का रहा है, और 'राइज एंड फॉल' मुझे बिल्कुल नए तरीके से ऐसा करने का मौका देगा। मैं पूरी ऊर्जा, पूरे जोश और पूरे दिल से आ रहा हूं। यह शो मुश्किलों से जूझने के बारे में है, और मैं यह दिखाने आ रहा हूं कि अगर आपको खुद पर विश्वास है तो आपको कोई नहीं रोक सकता।"
शो में अपनी धमाकेदार एंट्री का एक वीडियो भी पवन सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, “राइज एंड फॉल में आपका पावर स्टार आ गया है, अपनी पावर का जलवा दिखाने।”
इस वीडियो में पवन दमदार, निडर और जोश से भरपूर दिख रहे हैं। उनकी एंट्री से शो और भी मजेदार होने वाला है। पवन सिंह के आने से शो में भोजपुरी का नया तड़का लगने वाला है, और इससे और भी दर्शक शो से जुड़ेंगे। इस शो के बाकी कंटेस्टेंट के बारे में लोगों को धीरे-धीरे बताया जा रहा है।
शो के होस्ट अशनीर खुद 'राइज एंड फॉल' शो की कास्टिंग और उसके रिजेक्शन पर नजर रख रहे हैं। यह 6 सितंबर से प्रतिदिन दोपहर 12 बजे अमेजन एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम किया जाएगा। मुफ्त में दर्शक इस ऐप पर इस शो को देख पाएंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Sept 2025 8:15 PM IST