राजनीति: यूपी कांग्रेसियों को किया जा रहा परेशान, लोकतांत्रिक तरीके से लड़ेंगे लड़ाई अजय राय

यूपी कांग्रेसियों को किया जा रहा परेशान, लोकतांत्रिक तरीके से लड़ेंगे लड़ाई अजय राय
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बुधवार को इटावा की सेंट्रल जेल में बंद कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे, लेकिन जेल प्रशासन ने उन्हें मिलने की अनुमति नहीं दी।

इटावा, 4 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बुधवार को इटावा की सेंट्रल जेल में बंद कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे, लेकिन जेल प्रशासन ने उन्हें मिलने की अनुमति नहीं दी।

इस पर नाराजगी जताते हुए अजय राय करीब डेढ़ घंटे तक जेल के बाहर धरने पर बैठे रहे। बाद में वे अपने कार्यकर्ताओं के साथ इटावा शहर स्थित कांग्रेस पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में पुलिस और जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।

अजय राय ने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस और जेल प्रशासन राज्य की भाजपा सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। भाजपा नेताओं के कहने पर हमारे कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रार्थना पत्रों को पुलिस ने स्वीकार नहीं किया।

राय ने कहा, “यह साफ है कि पुलिस प्रशासन भारी दबाव में काम कर रहा है। हम इस अन्याय के खिलाफ संवैधानिक तरीके से लड़ाई लड़ेंगे और शासन स्तर पर इस मुद्दे को उठाएंगे। कांग्रेस सड़कों पर उतरकर इस दमन का जवाब देगी और लोकतांत्रिक तरीके से अपने हक की लड़ाई लड़ेगी।”

उन्होंने पूरे प्रदेश में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हो रहे उत्पीड़न का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यालयों में तोड़फोड़ की जा रही है और बेगुनाह कार्यकर्ताओं को जेल में डाला जा रहा है। भाजपा भूल रही है कि सत्ता हमेशा नहीं रहती। जब सत्ता बदलेगी, तब एक-एक का हिसाब होगा। हमारे कार्यकर्ता बब्बर शेर हैं और डटकर इस दमन का मुकाबला करेंगे।

उन्होंने जेल प्रशासन पर कैद कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया। अजय राय ने कहा, “मैं भले ही बाहर का व्यक्ति हूं, लेकिन जेल में बंद कार्यकर्ताओं के परिवार हमारे साथ हैं। उन्हें भी मिलने की अनुमति नहीं दी गई। यह साफ दर्शाता है कि जेल में हमारे कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। भाजपा सरकार विपक्ष से डरी हुई है और प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग कर कांग्रेस की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। हम डरने वाले नहीं हैं। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 100 फीसदी सत्ता परिवर्तन होगा।”

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Sept 2025 9:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story