बॉलीवुड: अक्षय कुमार ने जुहू बीच साफ कर लोगों को दी सीख, बोले, ‘सफाई सबकी ड्यूटी’

अक्षय कुमार ने जुहू बीच साफ कर लोगों को दी सीख, बोले, ‘सफाई सबकी ड्यूटी’
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार को रविवार को मुंबई के जुहू बीच पर देखा गया। यहां वे एक सफाई अभियान में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने समुद्र तट की सफाई की और लोगों को खास संदेश भी दिया।

मुंबई, 7 सितंबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार को रविवार को मुंबई के जुहू बीच पर देखा गया। यहां वे एक सफाई अभियान में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने समुद्र तट की सफाई की और लोगों को खास संदेश भी दिया।

दरअसल, मुंबई के जुहू बीच पर गणपति विसर्जन के बाद कूड़ा-कचरा फैल जाता है। इसी कारण उसकी सफाई के लिए अभिनेता अक्षय कुमार भी पहुंचे। सफाई अभियान के दौरान उन्होंने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया।

उन्होंने कहा, "ज्ञान सिखाता है कि हमें स्वच्छता बनाए रखनी चाहिए। हमारे प्रधानमंत्री भी समय-समय पर इस पर जोर देते रहते हैं। स्वच्छता केवल सरकार का कर्तव्य नहीं है, न ही केवल बीएमसी की जिम्मेदारी है, बल्कि यह जनता की भी जिम्मेदारी है।"

इस स्वच्छता अभियान में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस और बीएमसी कमिश्नर भूषण गगरानी भी शामिल हुए। इसकी कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में अक्षय कुमार कचरे को थैलों में डालते दिखाई दे रहे हैं। उनके साथ अमृता और अन्य लोग भी दिखाई दे रहे हैं।

हाल ही में अक्षय कुमार ने पंजाब में आई विनाशकारी बाढ़ से पीड़ित लोगों के लिए 5 करोड़ रुपए दान किए थे। अक्षय कुमार ने लोगों से भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए गुहार लगाई थी।

उन्होंने कहा था, "मैं पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री खरीदने के लिए 5 करोड़ रुपए दे रहा हूं, लेकिन मैं कौन होता हूं, किसी को 'दान' देने वाला? जब भी मुझे मदद का हाथ बढ़ाने का अवसर मिलता है, तो मैं खुद को धन्य महसूस करता हूं। आप भी जितना हो सके, लोगों की मदद करें।"

उन्होंने इसे सेवा बताया था और बाढ़ पीड़ितों के लिए ईश्वर से प्रार्थना भी की थी।

वर्क फ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार के पास कई फिल्में हैं। उनकी फिल्म 'जॉली एलएलबी 3' 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अलावा, उनके पास 'भूत बांग्ला' फिल्म भी है, जिसमें वामिका गब्बी और परेश रावल भी हैं। साथ ही उनके पास सुनील शेट्टी और परेश रावल के साथ 'हेरा फेरी 3' भी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Sept 2025 12:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story