रक्षा: आर्मी, नेवी और एयरफोर्स की महिला अधिकारी समुद्र में लगाएंगी दुनिया का चक्कर

आर्मी, नेवी और एयरफोर्स की महिला अधिकारी समुद्र में लगाएंगी दुनिया का चक्कर
भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना की महिला अधिकारी समुद्र के जरिए विश्व परिक्रमा जैसे साहसिक अभियान को अंजाम देने जा रही हैं। इस अभियान में दस महिला अधिकारियों की एक संयुक्त टीम शामिल होगी। सेना के मुताबिक पहली बार महिला अधिकारी यह ऐतिहासिक त्रि-सेवा नौका यात्रा करेगी।

नई दिल्ली, 7 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना की महिला अधिकारी समुद्र के जरिए विश्व परिक्रमा जैसे साहसिक अभियान को अंजाम देने जा रही हैं। इस अभियान में दस महिला अधिकारियों की एक संयुक्त टीम शामिल होगी। सेना के मुताबिक पहली बार महिला अधिकारी यह ऐतिहासिक त्रि-सेवा नौका यात्रा करेगी।

महिला सैन्य अधिकारियों का यह दल पूरी दुनिया का चक्कर लगाने निकल रहा है। यह दल भारतीय सेना की नौकायन पोत आईएएसवी ‘त्रिवेणी’ पर सवार होकर 26,000 से अधिक समुद्री मील की दूरी तय करेगा। इस ऐतिहासिक नौका यात्रा का औपचारिक प्रस्थान 11 सितंबर 2025 को किया जाएगा। इस महिला-संचालित वैश्विक अभियान के दौरान यह दल दो बार भूमध्य रेखा पार करेगा।

रविवार को भारतीय सेना ने इस अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह महिला सैन्य दल विश्व के तीन महान समुद्री केप को पार करेगा। महिला-संचालित वैश्विक अभियान के अंतर्गत दक्षिणी महासागर और ड्रेक पैसेज जैसे दुनिया के सबसे कठिन और खतरनाक समुद्री मार्गों को पार करना भी मिशन मार्ग का हिस्सा है।

भारतीय सेना ने बताया कि यह नौसंचालन अभियान केवल साहस और रोमांच का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह भारत की नारी शक्ति, त्रि-सेवा ( भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना) की एकजुटता और समुद्री कौशल का अद्भुत प्रदर्शन भी है। अभियान की शुरुआत इस माह की जाएगी। नेवी, आर्मी और एयरफोर्स की महिला अधिकारियों की नौका यात्रा 11 सितम्बर को प्रारंभ होने जा रही है। भारतीय सेना के मुताबिक यह विश्वस्तरीय अभियान भारत की महिला सैन्य शक्ति को एक नया आयाम देगा।

साथ ही भारतीय सेनाओं के बीच संयुक्तता और सहयोग को और मजबूत करेगा। यह त्रि-सेवा अभियान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की समुद्री क्षमताओं और साहसिक परंपरा का प्रदर्शन भी करेगा। सैन्य अधिकारियों का मानना है कि यह अभियान निश्चित रूप से भारत की महिलाओं और सशस्त्र सेनाओं के लिए नई प्रेरणा और गौरव का प्रतीक बनेगा।

गौरतलब है कि भारतीय नौसेना की लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए ने इसी वर्ष सागर परिक्रमा मिशन पूरा किया है। नौसेना की इन दोनों अधिकारियों ने बेहद खतरनाक समुद्री रास्ते को पार किया। इनमें तेज हवाओं और ऊंची खतरनाक लहरों वाला समुद्री क्षेत्र ‘केप ऑफ गुड होप’ भी शामिल रहा। दोनों अधिकारी नौसेना की बोट तारिणी पर सवार थीं। उन्होंने इस चुनौती को सफलतापूर्वक पूरा किया है। समुद्री मार्ग को पार करते समय चालक दल ने तीन प्रमुख केप - केप ऑफ गुड होप, केप लीउविन और केप हॉर्न को पार किया है।

यह उल्लेखनीय उपलब्धि चालक दल की असाधारण नाविक कौशल और टीम वर्क को दर्शाती है। यह भारतीय नौकायन के लिए एक नया मानदंड भी स्थापित करती है और राष्ट्र को प्रेरित करती है।

--आईएएनएस

जीसीबी/एएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Sept 2025 4:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story