अपराध: फरीदाबाद दहेज उत्पीड़न से तंग आकर नवविवाहिता ने दी जान, पति और जेठ गिरफ्तार

फरीदाबाद, 7 सितंबर (आईएएनएस)। ओल्ड फरीदाबाद की बसेलवा कॉलोनी में दहेज उत्पीड़न से तंग होकर नवविवाहिता विमलेश (21) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर पति और जेठ को गिरफ्तार कर लिया।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि ससुराल वाले लगातार विमलेश को दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे, जिसके चलते उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। विमलेश की सात महीने पहले शादी हुई थी। शादी के बाद से ही परेशानी बढ़ गई थी।
मृतका के मामा किशोरी लाल ने बताया कि विमलेश की शादी 25 फरवरी 2025 को ओल्ड फरीदाबाद की बसेलवा कॉलोनी निवासी विजय कुमार (24) से हुई थी। विजय एक वर्कशॉप में काम करता है। विवाह के दो महीने बाद से ही विमलेश को पति विजय व उसके परिजन मारने लगे। ससुराल पक्ष की तरफ से उस पर अक्सर मायके से पैसे लाने का दबाव बनाया जाता था।
ससुराल वाले लगातार कार और मोबाइल की मांग कर रहे थे। शादी में परिवार की ओर से घर का पूरा सामान दिया गया था। कई बार परिवार के बीच बैठकों के जरिए विवाद सुलझाने की कोशिश भी की गई, लेकिन हालात जस के तस रहे।
मामा ने आगे बताया कि शनिवार सुबह विमलेश ने अपने भाई और बहन से बातचीत की थी, उस समय सब ठीक था। दोपहर बाद करीब 4 बजे विमलेश ने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। परिजनों को शाम करीब 5:30 बजे इस घटना की सूचना मिली। इसके बाद विमलेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि हमारे पास सूचना आई थी कि विमलेश नाम की नवविवाहिता ने फांसी लगा ली है। मृतका के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने ससुराल पक्ष से उसके पति और जेठ को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों ने देहज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Sept 2025 7:02 PM IST