राजनीति: रेखा गुप्ता ने पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

रेखा गुप्ता ने पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय से पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री ले जा रहे ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

नई दिल्ली, 7 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय से पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री ले जा रहे ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद थे। इन ट्रकों में बर्तन, चादरें, कंबल, दवाइयां, मच्छरदानी, जूते, चप्पल, चूल्हे और अन्य आवश्यक सामान हैं, जो बाढ़ प्रभावित लोगों की तात्कालिक जरूरतों को पूरा करने के लिए भेजे गए हैं।

मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि पंजाब इस समय भीषण बाढ़ संकट से जूझ रहा है। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि पंजाब के किसान सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर कह रहे हैं कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अगर पैसे मांगने आएं तो उन्हें सहायता न दी जाए, क्योंकि उनका दावा है कि इसका उपयोग चुनावी उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

सिरसा ने इसे पंजाब के साथ धोखा करार दिया। उन्होंने कहा, "पंजाब ने हमेशा देश के लिए योगदान दिया है और बड़ी से बड़ी आपदाओं का डटकर सामना किया है। उसे मदद की जरूरत नहीं, लेकिन यह हमारा कर्तव्य है कि हम उस राज्य का सहयोग करें, जिसने देश को इतना कुछ दिया है।"

उन्होंने आगे कहा कि पंजाब का इतिहास रहा है कि वह हर आपदा से साहस और दृढ़ संकल्प के साथ उभरा है। यह पहली बार नहीं है जब पंजाब में ऐसी विपदा आई हो। अतीत में भी पंजाब ने अनगिनत चुनौतियों का सामना किया है और हर बार मजबूती से आगे बढ़ा है। इस बार भी पंजाब ऐसा ही करेगा।

सिरसा ने जोर देकर कहा कि दिल्ली की जनता और सरकार पंजाब के साथ खड़ी है। आने वाले दिनों में जरूरत पड़ने पर किसानों के लिए डीजल और ट्रैक्टर जैसी अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा, "यह राहत सामग्री कृतज्ञता का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य पंजाब के लोगों को यह भरोसा दिलाना है कि वे इस संकट में अकेले नहीं हैं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Sept 2025 10:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story