राजनीति: भगवंत मान ने पंजाब को बर्बाद कर दिया कांग्रेस सांसद रंधावा

नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब में आई विनाशकारी बाढ़ के बीच कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सीएम ने पंजाब को बर्बाद कर दिया है।
बुधवार को आईएएनएस से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि भगवंत मान पूरी तरह से निकम्मे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने अब तक बाढ़ नियंत्रण बोर्ड की एक भी बैठक नहीं की है। वह हालात का सामना भी नहीं कर सकते। ऐसे मुख्यमंत्री को पद पर बने रहने का कोई हक नहीं है।
उन्होंने पंजाब को बर्बाद कर दिया है। वह एक आम घराने से होने का दावा करते हैं, लेकिन डेढ़ लाख के कमरों में रहते हैं। अगर आप वाकई एक आम घराने से हैं, तो पंजाब को आपसे बचाना होगा।
कांग्रेस सांसद ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर विपत्तिपूर्ण स्थिति से निपटने में राज्य की तैयारियों की अनदेखी और उपेक्षा करने का आरोप लगाया।
प्रधानमंत्री मोदी के पंजाब और हिमाचल प्रदेश दौरे पर कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी से एक अनुरोध करता हूं, आप वहां गए, और इसके लिए हम आपको धन्यवाद देते हैं, लेकिन आप हमें साथ नहीं ले गए। हमें इस बात का दुःख है, क्योंकि हम वहां से सांसद हैं, और हमारे जिले को सबसे ज़्यादा नुकसान हुआ है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बाढ़ राहत के लिए 1,600 करोड़ रुपये के आवंटन पर भी निराशा व्यक्त की और कहा कि पंजाब में हुई तबाही के सामने यह कुछ भी नहीं है।
बता दें कि कुछ दिन पहले, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बाढ़ प्रभावित इलाकों की समीक्षा के दौरान बाढ़ के लिए अवैध खनन को जिम्मेदार ठहराया था और दावा किया था कि इससे नदी के तटबंध कमजोर हुए हैं और इस तरह यह आपदा आई है।
हालांकि, पंजाब कांग्रेस ने इस दावे का विरोध करते हुए कहा कि राज्य में अनियंत्रित अवैध खनन के लिए केंद्र और राज्य सरकारें जिम्मेदार हैं और मौजूदा हालात उनकी सामूहिक विफलता को ही उजागर करते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Sept 2025 7:50 PM IST