राजनीति: बिहार की दीपिका झा को डूसू चुनाव में एबीवीपी ने बनाया संयुक्त सचिव पद का उम्मीदवार

नई दिल्ली, 11 सितंबर (आईएएनएस)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने गुरुवार को दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसी) 2025-26 के चुनावों के लिए बिहार से आने वाली दीपिका झा को संयुक्त सचिव पद का उम्मीदवार बनाया है। दीपिका ने दिल्ली विश्वविद्यालय के लक्ष्मीबाई कॉलेज से स्नातक किया है।
दीपिका झा वर्तमान में बौद्ध अध्ययन विभाग की छात्रा हैं। उन्होंने एबीवीपी के प्रकल्प स्टूडेंट्स फॉर सेवा में सक्रिय सहभागिता निभाई है तथा बस्ती की पाठशाला, ऋतुमति अभियान आदि के माध्यम से छात्रों के नेतृत्व में सामाजिक परिवर्तन की गतिविधियों में सक्रिय हैं।
एबीवीपी ने डूसू चुनाव के लिए सेंट्रल पैनल की घोषणा कर दी है। एबीवीपी ने कहा कि समर्पण, विकास और छात्र कल्याण की दृष्टि से, हम डीयू में प्रत्येक छात्र की आवाज़ को मज़बूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
आईएएनएस से बातचीत में एबीवीपी की संयुक्त सचिव पद की उम्मीदवार दीपिका झा ने कहा कि मुझे यह टिकट देने के लिए मैं एबीवीपी को धन्यवाद देना चाहती हूं। छात्रों की ओर से एबीवीपी को समर्थन मिल रहा है। मुझे विश्वास है कि एबीवीपी डूसू चुनाव में 4-0 से जीत हासिल करेगी।
उन्होंने कहा कि मेरा मुख्य मुद्दा विश्वविद्यालय की विशेष बसें होंगी। 27 साल बाद यूनिवर्सिटी कैंपस में स्पेशल बसें आईं। मेट्रो कंसेशन पास हमारा मुद्दा रहेगा। बहुत वर्षों से यह मुद्दा चलता रहा है। पहली बार मंच पर खड़े होकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मेट्रो कंसेशन पास छात्रों के पास होगा। उन्होंने कहा कि हर कॉलेज की छात्रा को एनसीसी में भाग लेना चाहिए। इसके लिए हम प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ अच्छी मुलाकातें हो रही हैं। सभी का समर्थन एबीवीपी के साथ है।
एबीवीपी के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार आर्यन मान ने कहा कि इस बार हमारी पूरी तैयारी है। हमारा पहला मुद्दा मेट्रो रियायती पास है, जो दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
बता दें कि आर्यन मान हरियाणा के बहादुरगढ़ से हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हंसराज कॉलेज से स्नातक किया है। वर्तमान में वे दिल्ली विश्वविद्यालय में लाइब्रेरी साइंस के छात्र हैं। उनकी विशेष रुचि खेलों में रही है और वे फुटबॉल के खिलाड़ी हैं। आर्यन मान ने दिल्ली विश्वविद्यालय में एबीवीपी के फीस वृद्धि के विरोध, बुनियादी ढांचे के विकास आदि को लेकर हुए आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई है।
उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार गोविंद तंवर हरियाणा के रहने वाले हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के दयाल सिंह कॉलेज से बीए प्रोग्राम में स्नातक किया है। वर्तमान में वे बौद्ध अध्ययन विभाग में एमए प्रथम वर्ष के छात्र हैं। बीते 4 वर्षों से उन्होंने एबीवीपी की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भागीदारी तथा नेतृत्व किया।
सचिव पद के उम्मीदवार कुणाल चौधरी दिल्ली के रहने वाले हैं। उन्होंने पीजीडीएवी कॉलेज से स्नातक किया है। 2023 में पीजीडीएवी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। अपने कॉलेज के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए उन्होंने महत्वपूर्ण लड़ाई लड़ी। वर्तमान में वे बौद्ध अध्ययन विभाग में परास्नातक के छात्र हैं। कुणाल चौधरी ने गत वर्षों से स्टूडेंट एक्टिविज्म में सक्रिय भूमिका निभाते हुए छात्रों की आवाज़ को मुखरता दी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Sept 2025 9:38 PM IST