राजनीति: अभियंता दिवस पर मुख्यमंत्रियों और नेताओं ने दी शुभकामनाएं, भारत रत्न विश्वेश्वरैया को किया नमन

नई दिल्ली, 15 सितंबर (आईएएनएस)। देशभर में 'अभियंता दिवस' के अवसर पर महान अभियंता और भारत रत्न से सम्मानित एम. विश्वेश्वरैया की जयंती मनाई जा रही है। इस अवसर पर अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों, उपमुख्यमंत्रियों और प्रमुख नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्र निर्माण में अभियंताओं के योगदान की सराहना की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "आधुनिक भारत के तकनीकी नवजागरण के अग्रदूत, महान अभियंता, भारत रत्न डॉ. एम. विश्वेश्वरैया की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। राष्ट्र निर्माण में सतत संलग्न सभी परिश्रमी, प्रतिबद्ध और नवाचारशील अभियंताओं को अभियंता दिवस की बधाई व शुभकामनाएं। आप सभी की प्रतिबद्धता 'विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश' के संकल्प को साकार करने में एक मजबूत आधारशिला बन रही है।"
अपने पोस्ट में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, "भारत रत्न एम. विश्वेश्वरैया की जयंती पर उन्हें सादर नमन। विश्वेश्वरैया की स्मृति में अभियंता दिवस मनाया जाता है। सभी अभियंताओं को अभियंता दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं। विश्वेश्वरैया का जीवन और देश के विकास में उनका योगदान सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।"
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डॉ. विश्वेश्वरैया को कोटि-कोटि नमन करते हुए अभियंताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, "महान अभियंता और भारत रत्न से अलंकृत डॉ. एम. विश्वेश्वरैया की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। इस अवसर पर राष्ट्र निर्माण में निरंतर समर्पित सभी कर्मठ अभियंताओं को 'अभियंता दिवस' की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके अथक परिश्रम और दूरदर्शिता से ही भारत विकास के नए शिखरों को स्पर्श कर रहा है।"
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भी अभियंता दिवस के अवसर पर अपने संदेश में कहा, "महान अभियंता, भारत रत्न डॉ. एम. विश्वेश्वरैया की जयंती पर उन्हें सादर नमन। आधुनिक भारत के विश्वकर्मा के रूप में प्रतिष्ठित, उत्कृष्ट अभियंता और राजनेता विश्वेश्वरैया का योगदान सदैव याद रखा जाएगा। उनकी जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले 'अभियंता दिवस' की राष्ट्र सेवा में रत सभी कर्मठ अभियंताओं को हार्दिक शुभकामनाएं।"
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने उन्हें 'आधुनिक भारत के विश्वकर्मा' बताते हुए सभी शिल्पियों को अभियंता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "अभियंता दिवस के आधार और आधुनिक भारत के विश्वकर्मा, भारत रत्न डॉ. विश्वेश्वरैया की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। सभी शिल्पियों को अभियंता दिवस की अनंत शुभकामनाएं।"
भाजपा प्रवक्ता सैयद शहनवाज हुसैन ने डॉ. विश्वेश्वरैया को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, "देश के महान अभियंता, आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले, भारत रत्न डॉ. विश्वेश्वरैया की जयंती पर उन्हें सच्ची निष्ठा अर्पित। देश के लिए समर्पित उनका जीवन सभी अभियंताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। देश के सभी अभियंताओं को अभियंता दिवस की अनंत शुभकामनाएं।"
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संदेश में कहा, "आधुनिक भारत के निर्माण में अद्वितीय योगदान देने वाले महान अभियंता, दूरदर्शी योजनाकार भारत रत्न विश्वेश्वरैया की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। उनकी दूरदृष्टि, तकनीकी दक्षता और उत्कृष्टता ने भारत के विकास पथ को नई दिशा प्रदान की, जो सदैव स्मरणीय रहेगी।"
मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "भारत रत्न और देश के महान अभियंता विश्वेश्वरैया की जयंती पर शत-शत नमन। 'नए भारत' के निर्माण की मजबूत नींव रखने में हमारे इंजीनियर्स का योगदान अतुलनीय है। अभियंता दिवस पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 Sept 2025 9:13 AM IST