राजनीति: शांतिप्रिय भारत में राहुल गांधी आग लगाना चाहते हैं रामेश्वर शर्मा

भोपाल,19 सितंबर(आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जेन-जी वाले सोशल मीडिया पोस्ट पर भाजपा नेता रामेश्वर शर्मा ने कड़ा प्रहार किया है। नेता प्रतिपक्ष के पोस्ट को भाजपा नेता ने सत्ता की भूख में अराजकता फैलाने की कोशिश करार दिया है।
बता दें कि राहुल गांधी ने गुरुवार को एक्स पोस्ट में जेन-जी यानी युवा पीढ़ी को लेकर एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि देश के युवा, देश के छात्र, और देश की जेन-जी संविधान को बचाएंगे, लोकतंत्र की रक्षा करेंगे, और वोट चोरी को रोकेंगे। मैं उनके साथ हमेशा खड़ा हूं। जय हिंद।
भोपाल में आईएएनएस से बातचीत करते हुए इस मुद्दे पर भाजपा नेता रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के नेता और सोनिया गांधी मिलकर राहुल गांधी को समझाएं।
राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए भाजपा नेता ने कहा कि वे सत्ता की लालसा में किस हद तक जा सकते हैं, इस पोस्ट से नजर आता है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कभी आतंकवाद की भाषा बोलते हैं, कभी कम्युनिस्ट की, कभी मार्क्सवाद की। यह शहीदों के सपनों के देश को जलाना चाहते हैं। सत्ता की लालसा में यह शांति से चलने वाले देश में अलगाववाद और आग लगाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपने पोस्ट के लिए शर्म आनी चाहिए। उन्हें अपने पूर्वजों को याद करना चाहिए।
भाजपा नेता ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी से राहुल को नियंत्रित करने की अपील करते हुए कहा कि सोनिया गांधी को अपने पुत्र को संभालना चाहिए। उन्हें हिंदुस्तान के बारे में नेता प्रतिपक्ष को बताना चाहिए। उन्हें अपने पूर्वजों से प्रेरणा लेनी चाहिए। लेकिन, राहुल गांधी तो महात्मा गांधी के सपनों में आग लगाना चाहते हैं। वे लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं, न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़ा करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि क्या नेहरू और इंदिरा गांधी ने इसी लोकतंत्र की उम्मीद की थी कि लोग मारेंगे, काटेंगे और सत्ता हासिल करेंगे?
न्यायपालिका से अनुरोध करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की गतिविधियों पर नजर रखी जाए और उन्हें नोटिस जारी कर पूछा जाए कि उनकी इस मानसिकता के पीछे कौन सा देश खड़ा है, क्योंकि जिस तरह की मानसिकता राहुल गांधी की है, वह देश के लिए ठीक नहीं है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Sept 2025 6:32 PM IST