राजनीति: त्रिशक्ति रणनीति से भाजपा को मिलेगी जीत की कुंजी धर्मपाल सिंह

लखनऊ, 20 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने संगठन की त्रिशक्ति रणनीति, शक्ति केंद्र, बूथ और मंडल को भाजपा की विजय का आधार बताया। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र मंडल और बूथ के बीच सेतु हैं और इन्हीं की सक्रियता से संगठन बूथ स्तर तक मजबूत होगा।
धर्मपाल सिंह ने शनिवार को बाराबंकी में शक्ति केंद्र संयोजकों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा जिलाध्यक्षों व पदाधिकारियों की हुई बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष झूठ, अफवाह और फरेब के सहारे जनता को गुमराह कर रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं को संवाद के माध्यम से इन षड्यंत्रों को विफल करना होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ पर हर मतदाता तक पार्टी का संदेश पहुंचे।
उन्होंने कहा कि जनसंवाद और त्रिशक्ति संरचना 2027 के विधानसभा चुनाव सहित पंचायत और शिक्षक, स्नातक एमएलसी चुनावों में भाजपा की जीत की कुंजी बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू हुआ सेवा पखवाड़ा और सामाजिक सरोकारों को जोड़ने का अभियान है, जिसे बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से चलाना है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर को प्रत्येक बूथ पर मनाई जाएगी।
धर्मपाल सिंह ने जोर देकर कहा कि संगठन का विस्तार निरंतर कार्यकर्ता निर्माण से होता है। ऊर्जावान, परिश्रमी और अनुशासित युवाओं को जिम्मेदारी देकर संगठन को नई ऊर्जा देनी है। पूर्व पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को भी अभियान व कार्यक्रमों से जोड़ना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित हैं। इन योजनाओं के लाभार्थियों के साथ सतत संवाद बनाए रखना है। भारत आज आर्थिक और सामरिक रूप से सशक्त होकर विश्व को नई दिशा देने को तैयार है। ऐसे समय में भाजपा कार्यकर्ताओं को सजग रहकर बूथ केंद्रित रणनीति बनानी होगी और विपक्ष के हर षड्यंत्र को जनता के बीच संवाद से ध्वस्त करना होगा।
--- आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Sept 2025 6:40 PM IST