राष्ट्रीय: मुंबई में देश के सबसे बड़े क्रूज टर्मिनल का उद्घाटन, सालाना 10 लाख लोग कर सकेंगे यात्रा

मुंबई, 20 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई अंतर्राष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल (एमआईसीटी) का उद्घाटन किया। क्रूज भारत मिशन के अनुरूप, मुंबई बंदरगाह प्राधिकरण (एमबीपीए) ने वैश्विक मानकों को पूरा करने और अंतरराष्ट्रीय क्रूज मानचित्र पर भारत की उपस्थिति बढ़ाने के लिए एमआईसीटी विकसित किया है। क्रूज भारत मिशन बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय द्वारा सितंबर 2024 में शुरू किया गया था।
मुंबई बंदरगाह प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आदेश तितरमारे ने आईएएनएस से खास बातचीत के दौरान कहा कि सभी के लिए क्रूजिंग है, ताकि भारत के आम नागरिक भी आसानी से क्रूज यात्रा का आनंद ले सकें। प्रधानमंत्री से प्रेरित होकर, मुंबई बंदरगाह ने 4,15,000 वर्ग फुट में भारत का सबसे बड़ा क्रूज टर्मिनल बनाया है। यह एक दिन में 10,000 से ज्यादा यात्रियों और सालाना 10 लाख से ज्यादा यात्रियों को सेवा प्रदान कर सकता है। देश का युवा बहुत तेजी से क्रूजिंग कर रहा है।
यात्री साजिद ने बताया कि क्रूज संस्कृति को बढ़ावा देना चाहिए। क्रूज के अंदर थिएटर और रेस्टोरेंट जैसी कई सुविधाएं दी गई हैं। इसमें यात्रा करने के दौरान ऐसा लगता है जैसे हम किसी फाइव-स्टार होटल में हों। इससे पर्यटन के जरिए अर्थव्यवस्था को बहुत सहयोग मिल सकता है। यह विदेशी पर्यटकों को यहां आकर्षित कर सकता है।
महिला यात्री निशा ने कहा कि वाटरशिप से बहुत फायदा होता है। इसे सरकार को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक लेकर जाना चाहिए। बाहर देश के नागरिक भारत को गरीब देश सोचते हैं, जबकि ऐसा नहीं है, उन्हें इस बात की जानकारी होनी चाहिए। युवाओं को इससे जोड़ने के लिए कीमतों को कम करने की जरूरत है। अमोल अग्रवाल ने बताया कि यह क्रूज बहुत अच्छा है। मेरा अनुभव अच्छा रहा है।
बता दें कि एमबीपीए ने भारत में क्रूज पर्यटन को विकसित करने में अग्रणी भूमिका निभाई है, जिसमें कोविड के बाद वार्षिक यात्री संख्या लगभग 2.5 लाख है और घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय दोनों क्षेत्रों को मिलाकर हर साल लगभग 100 क्रूज यात्राएं होती हैं।
क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय कार्य योजना के अनुसार मौजूदा टर्मिनल अवसंरचना को उन्नत और आधुनिक बनाना, बैलार्ड पियर स्थित पुराने 25,000 वर्ग फुट टर्मिनल शेड को भारत के सबसे बड़े विश्वस्तरीय क्रूज टर्मिनल में परिवर्तित करना।
परियोजना की कुल अनुमानित लागत 556 करोड़ रुपए है, जिसमें कुल निर्मित क्षेत्रफल 4,15,000 वर्ग फुट शामिल है। डिजाइन यात्री क्षमता प्रति वर्ष एक मिलियन यात्रियों की है तथा जहाज संचालन क्षमता एक साथ पांच जहाजों तक की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Sept 2025 8:02 PM IST