राजनीति: जनता के पैसे से भर रहा 'आप' का राहत कोष सुनील जाखड़

चंडीगढ़, 21 सितंबर (आईएएनएस)। भाजपा पंजाब के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने बाढ़ सहित कई मुद्दों पर पंजाब सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बाढ़ हर साल आ रही है लेकिन पंजाब सरकार कुछ नहीं कर रही है।
भाजपा पंजाब अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पार्टी कार्यालय पर प्रेसवार्ता कर पंजाब में आई बाढ़ के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराने वाले सोशल मीडिया पोस्ट की आलोचना की। उन्होंने कहा कि 2023 में भी बाढ़ आई थी और अब 2025 में इस पर काम करने की जरूरत है। पंजाब सरकार इस पर कुछ काम नहीं कर रही है, बस भाजपा को जिम्मेदार ठहराने में लगी हुई है।
सुनील जाखड़ ने माधोपुर में 80 करोड़ रुपए के रखरखाव कार्य का मुद्दा उठाया। उन्होंने पंजाब सरकार से पूछा कि क्या 8 अगस्त तक वर्क ऑर्डर जारी हुआ था और यह पैसा कहां खर्च हुआ? इसके बारे में जनता को बताने की जरूरत है।
उन्होंने सरकार पर बाढ़ राहत के लिए आवंटित 12,000 करोड़ रुपए और मुख्यमंत्री राहत कोष के दुरुपयोग का आरोप लगाया। जाखड़ ने कहा कि यह राहत कोष 'आम आदमी सरकार पार्टी' का राहत कोष बन गया है, जिसका मकसद सिर्फ पैसा कमाना है। जनता पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है, पंजाब में सिर्फ लूट मची हुई है।
सतलुज नदी में सासरली के पास कटाव का मुद्दा उठाते हुए जाखड़ ने कहा कि लगातार खनन हो रहा है, लेकिन इसे देखने वाला कोई नहीं है। खनन करने वालों को मौजूदा सरकार का संरक्षण मिला हुआ है, इसलिए इन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री खुद घर से नहीं निकल रहे हैं, तो सरकार को जनता की समस्या कैसे दिखाई देगी? जनता की समस्या सुनने वाला इस सरकार में कोई नहीं है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता सब देख रही है, भगवंत मान सरकार ने चुनाव के समय जो भी वादे किए थे, वह सरकार बनने के बाद भूल गए हैं और जनता के पैसे से केवल आम आदमी पार्टी का राहत कोष भर रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Sept 2025 2:36 PM IST