राष्ट्रीय: झारखंड के चतरा में नक्सलियों से मुठभेड़ में पुलिस के दो जवान शहीद, तीन घायल
रांची, 7 फरवरी (आईएएनएस)। झारखंड के चतरा जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच बुधवार दोपहर के बाद मुठभेड़ हुई है। इसमें झारखंड पुलिस के दो जवान शहीद हो गए हैं, जबकि तीन अन्य जवानों को गोली लगी है। कुछ नक्सलियों को भी गोली लगने की बात कही जा रही है। शहीद जवानों में शुकन राम एवं सिकंदर सिंह शामिल हैं।
शुकन झारखंड के पलामू और सिकंदर बिहार के रहने वाले थे। गोली लगने से घायल हुए जवान आकाश कुमार को इलाज के लिए पहले चतरा सदर अस्पताल लाया गया। गंभीर अवस्था को देखते हुए बाद में उसे रांची रेफर कर दिया गया है। उन्हें एयरलिफ्ट कर रांची लाया जा रहा है। दो अन्य जवान कृष्णा और संजय भी घायल हुए हैं।
एसडीपीओ संदीप सुमन ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। बताया गया है कि चतरा सदर थाना और जोरी थाना बॉर्डर पर बैरियो जंगल में पुलिस और सुरक्षा बलों का दस्ता सर्च ऑपरेशन पर निकला था, तब घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा लेकर गोलियां चलाईं।
कुछ नक्सलियों को गोली लगने की सूचना आ रही है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। सुरक्षा बल अभी भी जंगल में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। चतरा के उपायुक्त अबू इमरान और एसपी जवानों के शहीद होने की खबर पाकर चतरा सदर अस्पताल पहुंचे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Feb 2024 10:37 PM IST












