नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर बोले राम नाथ ठाकुर, गठबंधन का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा बिहार का अगला मुख्यमंत्री
नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एमएलसी पद से इस्तीफा देकर राज्यसभा जाने की खबरों के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। एनडीए के नेताओं ने कहा कि नीतीश कुमार के राज्य में बिहार विकसित बिहार बन गया है।
केंद्रीय मंत्री राम नाथ ठाकुर ने कहा कि अब जब नीतीश कुमार राज्यसभा का चुनाव जीत चुके हैं, तो उनका दिल्ली आना स्वाभाविक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार के नए मुख्यमंत्री को लेकर अंतिम फैसला एनडीए का शीर्ष नेतृत्व करेगा।
राम नाथ ठाकुर ने यह भी कहा कि गठबंधन के विधायक जो निर्णय लेंगे, वही सर्वोपरि होगा और उस फैसले का सभी सम्मान करेंगे।
वहीं, जेडीयू सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने नीतीश कुमार के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि बिहार पिछले 20 वर्षों में काफी बदला है। एक समय था जब राज्य ‘जंगल राज’ के लिए बदनाम था, लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास और सुशासन स्थापित हुआ। उन्होंने यह भी दावा किया कि इतने लंबे राजनीतिक करियर में नीतीश कुमार पर कोई दाग नहीं लगा है।
एलजेपी (रामविलास) सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि नीतीश कुमार को कोई भी मजबूर नहीं कर सकता। उन्होंने पहले ही संकेत दे दिया था कि बिहार में नई शुरुआत नए नेतृत्व के साथ होगी और उसमें उनका योगदान बना रहेगा।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा सदस्य के रूप में निर्वाचित होने के बाद सोमवार को विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
जदयू के नेता और बिहार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले ही राज्यसभा के लिए निर्वाचित घोषित हो चुके हैं और यह संवैधानिक रूप से अनिवार्य था। नीतीश कुमार के इस कदम के साथ ही बिहार में नेतृत्व परिवर्तन होने की संभावना है। हालांकि उनके मुख्यमंत्री पद छोड़ने को लेकर अब तक स्थिति साफ नहीं है। नीतीश कुमार 2006 से लगातार विधान परिषद के सदस्य हैं। नीतीश कुमार 16 मार्च को राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो गए। इसके बाद विधान परिषद की सदस्यता से उनके इस्तीफे की चर्चा शुरू हो गई थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 March 2026 4:20 PM IST









