पाकिस्तान में बारिश का कहर छत गिरने से 17 की मौत, 56 घायल
इस्लामाबाद, 30 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में भारी बारिश के चलते हुए हादसों में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 56 अन्य घायल हो गए हैं। मृतकों में 14 बच्चे शामिल हैं। यह जानकारी प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) की रिपोर्ट में सामने आई है।
रिपोर्ट के अनुसार, 25 मार्च से जारी बारिश के कारण कई इलाकों में घरों की छत और दीवारें गिरने की घटनाएं हुईं। सबसे ज्यादा नुकसान बन्नू जिले में हुआ, जहां 8 लोगों की मौत हुई, जिनमें 7 बच्चे और एक महिला शामिल हैं, जबकि 42 लोग घायल हुए हैं।
एबटाबाद में 5 लोगों (4 बच्चे) की जान गई, जबकि कोहाट में 2, नॉर्थ वजीरिस्तान में 1 और बट्टाग्राम में एक महिला की मौत हुई है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि बारिश के चलते कुल 11 मकान क्षतिग्रस्त हुए, जिनमें 5 बन्नू में हैं। बन्नू के दाद कचलोट इलाके में एक मकान की छत गिरने से तीन बच्चों- 9 वर्षीय आसिफ, 6 वर्षीय उमराह और 3 वर्षीय जावेरिया की मौत हो गई।
कोटका गुलाम कादिर में एक सामुदायिक केंद्र के बरामदे की छत गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई और 39 अन्य घायल हो गए। मामा खेइल में दीवार गिरने से 2 बच्चों की जान गई, जबकि शामदी खेइल में एक कमरे की छत गिरने से एक महिला की मौत हुई।
कोहाट के गुंबट क्षेत्र में भी भारी बारिश के दौरान कमरे की छत गिरने से 2 बच्चों की मौत हो गई। वहीं एबटाबाद के हवेलियन तहसील के खेतर हाजिया गली में छत गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई।
पीडीएमए के अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित जिलों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है। स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि पीड़ितों तक जल्द से जल्द राहत सामग्री पहुंचाई जाए।
इसके अलावा, लक्की मरवत के सराय नौरंग में छत गिरने से 2 बच्चे घायल हुए, जिन्हें मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। नौशेरा में भी एक घर की छत गिरने से 2 पुरुष और 2 महिलाएं घायल हो गईं, जिन्हें रेस्क्यू 1122 टीम ने अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 March 2026 5:05 PM IST










