नोएडा के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट मोड पर

नोएडा के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट मोड पर
नोएडा से एक चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां शहर के कई स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस धमकी के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। खास तौर पर सेक्टर-62 स्थित फादर एंजल स्कूल को मिले धमकी भरे मेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।

नोएडा, 24 मार्च (आईएएनएस)। नोएडा से एक चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां शहर के कई स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस धमकी के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। खास तौर पर सेक्टर-62 स्थित फादर एंजल स्कूल को मिले धमकी भरे मेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति द्वारा स्कूल प्रबंधन को ईमेल भेजकर परिसर में बम होने की सूचना दी गई। मेल मिलते ही स्कूल प्रशासन ने बिना देर किए एहतियातन कदम उठाए और अभिभावकों को तुरंत सूचना देकर बच्चों को स्कूल से वापस ले जाने के लिए कहा। इस दौरान स्कूल में मौजूद छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिससे किसी भी संभावित खतरे से बचाव किया जा सके।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना सेक्टर-58 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे स्कूल परिसर को अपने कब्जे में लेकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की मदद से स्कूल के हर कोने की गहन जांच की गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर तलाशी अभियान को पूरी सावधानी के साथ जारी रखा गया।

पुलिस ने बताया कि इस तरह की धमकियों को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द ही चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद नोएडा के अन्य स्कूलों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन को सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए हैं।

हालांकि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस तरह की धमकियों ने अभिभावकों और छात्रों में चिंता का माहौल जरूर पैदा कर दिया है। पुलिस और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि शहर में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 March 2026 11:52 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story