'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' के कारण आउट दिए गए अंगकृष रघुवंशी, भड़का केकेआर का खेमा
लखनऊ, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 का 38वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में केकेआर के बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी को 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' (फील्डिंग में बाधा डालने) के कारण आउट करार दिया गया। अंयापर के इस फैसले से केकेआर का खेमा काफी नाखुश नजर आया।
दरअसल, यह घटना केकेआर की पारी के 5वें ओवर की आखिरी गेंद पर घटी। प्रिंस यादव की गेंद पर अंगकृष रघुवंशी ने मिड-ऑन की दिशा में शॉट खेला और रन लेने के लिए तेजी से दौड़े। हालांकि, दूसरे छोर पर खड़े कैमरून ग्रीन ने उन्हें वापस भेज दिया। क्रीज के अंदर पहुंचने के लिए अंगकृष ने डाइव लगाई। अंगकृष ने जिस समय अपना विकेट बचाने के लिए डाइव लगाई उसी वक्त फील्डर ने गेंद को थ्रो किया, जो सीधा अंगकृष के पैर में आकर लगा।
अंगकृष के गेंद लगते ही एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत और टीम के बाकी खिलाड़ियों ने अंपायर के सामने अपील कर दी। इसके बाद अंगकृष को 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' के कारण अंपायर ने आउट करार दे दिया। अंगकृष और केकेआर का पूरा खेमा अंपायर के फैसले से नाखुश नजर आया। अंगकृष ने पवेलियन लौटते समय जोर से अपना बल्ला जमीन पर मारा और हेलमेट को बाउंड्री लाइन के पास ही फेंक दिया।
केकेआर के हेड कोच अभिषेक नायर भी अंपायर से काफी देर तक बातचीत करते हुए नजर आए और उनके चेहरे पर गुस्सा साफतौर पर झलक रहा था। हालांकि, अंगकृष से पहले आईपीएल में अमित मिश्रा, रवींद्र जडेजा, युसूफ पठान को भी 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड'की वजह से आउट दिया जा चुका है।
अंगकृष 8 गेंदों में 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे। केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 155 रन लगाए। टीम की ओर से रिंकू सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में 83 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में रिंकू ने 7 चौके और 5 छक्के लगाए। वहीं, कैमरून ग्रीन ने 21 गेंदों में 34 रनों का योगदान दिया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 April 2026 10:00 PM IST












