ओडिशा मेट्रो प्रोजेक्ट को फिर शुरू करने की मांग, सस्मित पात्रा ने जयपुर मॉडल का दिया उदाहरण
नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। राज्यसभा सांसद सस्मित पात्रा ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को एक पत्र लिखकर ओडिशा मेट्रो प्रोजेक्ट को फिर से शुरू करने की अपील की है। उन्होंने इसके लिए राजस्थान के जयपुर मेट्रो फंडिंग मॉडल का उदाहरण दिया और बताया कि इसी तरह का मॉडल अपनाकर ओडिशा में भी मेट्रो परियोजना को सफल बनाया जा सकता है।
पात्रा ने अपने पत्र में जानकारी दी कि 8 अप्रैल को केंद्र सरकार की कैबिनेट ने मेट्रो रेल पॉलिसी 2017 के तहत जयपुर मेट्रो फेज-2 को मंजूरी दी है। यह प्रोजेक्ट करीब 41 किलोमीटर लंबा है और इसकी लागत 13,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है। इस प्रोजेक्ट को केंद्र और राज्य सरकार की 50:50 साझेदारी में एक विशेष कंपनी (एसपीवी) के जरिए लागू किया जाएगा, जिसमें अतिरिक्त फंडिंग भी शामिल होगी।
उन्होंने कहा कि यह मॉडल एक साफ उदाहरण है कि बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को केंद्र और राज्य मिलकर आसानी से पूरा कर सकते हैं। इसी तर्ज पर ओडिशा मेट्रो प्रोजेक्ट को भी आगे बढ़ाया जा सकता है।
ओडिशा मेट्रो जो भुवनेश्वर, कटक, खुर्दा और पुरी को जोड़ने वाली परियोजना है। इसकी लागत 2024 में लगभग 6,255 करोड़ रुपए तय की गई थी। शुरुआत में इसे पूरी तरह राज्य सरकार द्वारा फंड करने की योजना थी, लेकिन अब इसे जयपुर मॉडल के तहत बदला जा सकता है। इस मॉडल के अनुसार, करीब 3,100 करोड़ रुपये केंद्र सरकार और 3,100 करोड़ रुपये राज्य सरकार दे सकती है जबकि बाकी राशि अन्य वित्तीय तरीकों से जुटाई जा सकती है।
सस्मित पात्रा ने कहा कि अगर केंद्र सरकार 13,000 करोड़ से ज्यादा की लागत वाले जयपुर मेट्रो प्रोजेक्ट को समर्थन दे सकती है, तो ओडिशा का यह प्रोजेक्ट, जिसकी लागत उससे आधी है, आसानी से लागू किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर इस प्रोजेक्ट को बंद किया गया, तो राज्य की यातायात व्यवस्था और आर्थिक विकास पर असर पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि पुरी-खुर्दा-भुवनेश्वर-कटक कॉरिडोर पर मेट्रो बनने से लोगों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा मिलेगी। इससे छात्रों और युवाओं को पढ़ाई और नौकरी तक बेहतर पहुंच मिलेगी, वहीं बुजुर्गों के लिए भी यात्रा आसान होगी। साथ ही, इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, छोटे कारोबार को मदद मिलेगी और शहरों में ट्रैफिक की समस्या भी कम होगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि ओडिशा मेट्रो प्रोजेक्ट को रद्द करने के फैसले पर दोबारा विचार किया जाए और केंद्र सरकार के साथ मिलकर जयपुर मॉडल को अपनाया जाए ताकि राज्य के विकास को नई गति मिल सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 April 2026 1:49 PM IST












