'ऑपरेशन अमिस्ताद' से वेनेजुएला के भूकंप पीड़ितों को राहत, भावुक महिला बोलीं- हिंदुस्तानी दोस्तों, मुश्किल समय में आपका साथ यादगार
काराकस, 1 जुलाई (आईएएनएस)। दो जबरदस्त भूकंप झेल चुके वेनेजुएला में राहत कार्य जारी है। भारत का आर्मी फील्ड अस्पताल लगातार समय पर मरीजों को चिकित्सा सुविधा प्रदान कर रहा है और जरूरतमंदों को उपचार उपलब्ध करा रहा है। अस्पताल की टीम हर परिस्थिति में तत्पर रहकर लोगों की सेवा कर रही है। इस तत्परता और सेवा भाव को वेनेजुएला के लोग भी शिद्दत से महसूस कर रहे हैं।
भारत के विदेश मंत्रालय ने कुछ वीडियो क्लिप्स साझा किए, जिसमें दर्द में मरहम का काम करते भारतीय दल के समर्पण की कहानी है। एक बुजुर्ग महिला भी मुश्किल समय में 'ऑपरेशन अमिस्ताद' के तहत स्थापित फील्ड अस्पताल पहुंचीं, अपने अनुभव को बताते हुए भावुक हो गईं और भारत के प्रति ढेरों आभार व्यक्त किया।
आंखों में आंसू और शब्दों से आशीर्वाद की बरसात करते हुए बोली, "मेरे हिंदुस्तानी दोस्तों, इस मुश्किल समय में आप हमारे साथ खड़े हैं, ये यादगार है और इसके लिए हम आपको दिल से धन्यवाद देते हैं। आपकी सेवाएं लाजवाब और वाकई काबिल-ए-तारीफ हैं। आप जितने प्यार और सम्मान से हमारी देखभाल कर रहे हैं, वो वाकई सर्वोत्तम है। मेरी दुआएं आपके साथ हैं, ऊपर वाला हमेशा आपके साथ रहे।"
वहीं, कुछ फील्ड अस्पताल में पंक्तिबद्ध हो अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। वीडियो में मेडिकल टीम को पीड़ितों से बातचीत करते और उन्हें ढांढस बंधाते देखा जा सकता है।
24 जून को वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए थे। इन भूकंपों में 1,400 से ज्यादा लोगों की जान चली गई और देश के कई हिस्सों में भारी तबाही हुई। इसके बाद भारत ने राहत और बचाव में मदद के लिए 'ऑपरेशन अमिस्ताद' शुरू किया।
भारत की ओर से भेजी गई राहत सामग्री रविवार को वेनेजुएला पहुंच गई। इस मौके पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि भारत की फील्ड अस्पताल यूनिट, राहत सामग्री, दवाइयां और मेडिकल उपकरण वहां चल रहे राहत कार्यों को और मजबूत करेंगे।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "भारत की सहायता वेनेजुएला पहुंच गई है। हमें भरोसा है कि फील्ड अस्पताल यूनिट, राहत सामग्री, दवाइयां और मेडिकल उपकरण वहां भूकंप के बाद चल रहे राहत कार्यों को और मजबूती देंगे।"
कोटे डी आइवर में भारतीय दूतावास ने भी 'एक्स' पर मिशन की जानकारी दी। दूतावास ने बताया कि भारतीय वायुसेना के दो सी-17 विमान अबिदजान होते हुए वेनेजुएला पहुंचे। इन विमानों में राहत सामग्री, भारतीय सेना की फील्ड अस्पताल टीम और दो 'भीष्म क्यूब' भेजे गए।
दूतावास ने बताया कि टीम में कुल 41 सदस्य हैं, जिनमें नौ डॉक्टर शामिल हैं। टीम आपातकालीन इलाज, गंभीर चोटों का उपचार, जान बचाने वाली सर्जरी और दूसरी जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 July 2026 3:53 PM IST












