ऑपरेशन कवच 2.0 गौतम बुद्ध नगर में परिवहन विभाग की दूसरे दिन भी बड़ी कार्रवाई, 21 बसें सीज
नोएडा, 8 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर नियम विरुद्ध संचालित होने वाले वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कवच 2.0’ के तहत गौतम बुद्ध नगर में परिवहन विभाग ने दूसरे दिन भी बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान विभाग की पांच प्रवर्तन टीमों ने जिले के अलग-अलग प्रमुख मार्गों और चौराहों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली 34 बसों के चालान किए गए, जबकि 21 बसों को मौके पर ही निरुद्ध (सीज) कर डिपो और संबंधित थानों में खड़ा कराया गया। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई का नेतृत्व एआरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पाण्डेय ने किया।
अभियान के लिए कुल पांच प्रवर्तन टीमें मैदान में उतारी गई थीं, जिनमें तीन एआरटीओ और दो पीटीओ शामिल रहे। टीमों ने परी चौक, महामाया फ्लाईओवर, सेक्टर-37 और सूरजपुर सहित जिले के प्रमुख और व्यस्त स्थानों पर बसों की जांच की।
अधिकारियों के मुताबिक चेकिंग के दौरान कई बसों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कुछ बसें निर्धारित परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए संचालित की जा रही थीं। कई वाहनों में वैध रूट और परमिट संबंधी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था।
इसके अलावा कुछ बस संचालकों द्वारा लंबे समय से परिवहन विभाग का टैक्स जमा नहीं किया गया था। टैक्स बकाया पाए जाने पर भी विभाग ने संबंधित वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीमों ने उन बसों पर भी कार्रवाई की, जिनका इस्तेमाल यात्रियों को ले जाने के बजाय या उनके साथ नियम विरुद्ध तरीके से भारी कमर्शियल माल ढोने के लिए किया जा रहा था।
अधिकारियों का कहना है कि सवारी वाहनों में इस तरह माल की ढुलाई यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। ऐसे वाहनों को चिन्हित कर उनके खिलाफ नियमानुसार चालान और सीज की कार्रवाई की गई।
एआरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पाण्डेय ने बताया कि शासन के निर्देश पर ऑपरेशन कवच 2.0 का उद्देश्य अवैध और नियम विरुद्ध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाना है।
उन्होंने कहा कि जिले में यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने, टैक्स बकाया रखने या सवारी वाहनों का गलत तरीके से इस्तेमाल करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने वाहन संचालकों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों की अनदेखी करने वाले और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले वाहन स्वामियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमें आने वाले दिनों में भी जिले के अलग-अलग हिस्सों में चेकिंग अभियान जारी रखेंगी। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध और नियम विरुद्ध तरीके से संचालित हो रहे बस ऑपरेटरों में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित और नियमों के अनुरूप बनाना है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Sept 2026 9:46 PM IST












