पूर्वी चीन के जियांग्शी में भूस्खलन ने मचाई तबाही, प्रभावित गांव में 12 लोगों की मौत की हुई पुष्टि
नानचांग (जियांग्शी), 8 सितंबर (आईएएनएस)। पूर्वी चीन के जियांग्शी प्रांत में भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। मिंगकेंग गांव में हुए हादसे में अब तक 12 लोगों की जान चली गई है, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता है। बचावकर्मियों के मुताबिक, मंगलवार शाम 6 बजे तक का यह आंकड़ा है और लापता व्यक्ति की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
कई दिनों तक मूसलाधार बारिश के बाद, इसी प्रांत के जुओआन टाउनशिप और तांगहू टाउनशिप में भूस्खलन के बाद एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई और दो अन्य के लापता होने की सूचना मिली।
न्यूज एजेंसी सिन्हुआ ने बताया कि तलाशी और बचाव अभियान, सड़क सुदृढ़ीकरण और द्वितीयक आपदाओं की रोकथाम के कार्य जारी हैं। शनिवार को पूर्वी चीन के जियांग्शी प्रांत के सुइचुआन प्रांत में मिट्टी के धंसने और भूस्खलन की एक श्रृंखला के बाद रविवार को चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी।
घटनास्थल पर मौजूद मीडिया के अनुसार, गाओपिंग टाउन के मिंगकेंग गांव में शनिवार को भूस्खलन के कारण रविवार दोपहर तक तीन लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य लापता हो गए।
उसी प्रांत में, शनिवार को जुओआन टाउन के यांगफेन गांव में भूस्खलन के बाद दो लोगों के लापता होने की सूचना मिली थी और स्थानीय सरकार के अनुसार, उनमें से एक रविवार दोपहर को मृत पाया गया। तलाशी और बचाव अभियान जारी है।
भूस्खलन के कारण मुख्य सड़क पूरी तरह ध्वस्त हो गई है, जिससे बचाव अभियान में काफी दिक्कतें आ रही हैं। चाइना एननेंग के बचावकर्मी वान कियांग ने बताया कि टूटी सड़क की वजह से राहत टीमें आसानी से प्रभावित इलाके तक नहीं पहुंच पा रही हैं।
गाओपिंग टाउन के उप-प्रमुख लियांग कुआन ने बताया कि मिंगकेंग गांव के लगभग 200 निवासियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है, जहां उन्हें भोजन और चिकित्सा सेवाएं मिल रही हैं।
आस-पास के इलाकों में संभावित आपदाओं से बचने के लिए 5,300 से अधिक लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। तूफान साओडेल के कारण कई दिनों तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद प्रांत में 1,61,500 निवासी प्रभावित हुए हैं।
चीन के प्राकृतिक संसाधन मंत्रालय ने शनिवार सुबह 11 बजे जियांग्शी के लिए अपनी भूवैज्ञानिक आपदा प्रतिक्रिया को लेवल-IV से लेवल-III कर दिया और बचाव प्रयासों का मार्गदर्शन करने के लिए टीमों को मौके पर भेजा है।
राष्ट्रीय विकास और सुधार आयोग ने शनिवार को जियांग्शी में आपातकालीन बचाव और आपदा राहत कार्यों में सहयोग के लिए केंद्रीय प्राकृतिक आपदा राहत कोष से 20 मिलियन युआन (29.5 लाख अमेरिकी डॉलर) आवंटित किए। चीन में चार-स्तरीय आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली है, जिसमें लेवल-I सबसे गंभीर होता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Sept 2026 10:47 PM IST












