पांच राज्यों में हार की ओर भाजपा, पीओके पर सिर्फ बयानबाजी गुलाम अहमद मीर

पांच राज्यों में हार की ओर भाजपा, पीओके पर सिर्फ बयानबाजी गुलाम अहमद मीर
जम्मू-कश्मीर के कांग्रेस विधायक गुलाम अहमद मीर ने पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों, पीओके के मुद्दे, जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति और अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में पांच में से किसी भी राज्य में भाजपा की जीत स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रही है।

जम्मू, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के कांग्रेस विधायक गुलाम अहमद मीर ने पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों, पीओके के मुद्दे, जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति और अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में पांच में से किसी भी राज्य में भाजपा की जीत स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रही है।

पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव पर बात करते हुए कांग्रेस विधायक ने कहा कि केरल में बदलाव की स्थिति बन रही है, लेकिन वहां भाजपा के लिए खाता खोलना मुश्किल नजर आ रहा है। तमिलनाडु में सत्तारूढ़ सरकार की वापसी की संभावना जताते हुए उन्होंने कहा कि पुदुचेरी में कांग्रेस की स्थिति बेहतर बन रही है। वहीं, पश्चिम बंगाल को लेकर उन्होंने कहा कि वहां त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा, जिसमें ममता बनर्जी की टीएमसी, भाजपा और कांग्रेस तीनों मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस का प्रयास है कि पूरे बंगाल में पार्टी की मौजूदगी और नीतियों को लोगों तक पहुंचाया जाए। इस दौरान उन्होंने यह स्वीकार किया कि कुछ क्षेत्रों में कांग्रेस मजबूत है, जबकि कई इलाकों में दशकों से पार्टी की स्थिति कमजोर रही है, जहां लोग पार्टी के चुनाव चिन्ह तक से परिचित नहीं थे।

गठबंधन की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए गुलाम अहमद मीर ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस एक बड़ी पार्टी होने के नाते क्षेत्रीय दलों को जगह देती आई है, लेकिन कई राज्यों में क्षेत्रीय दल कांग्रेस को साथ लेने में पूरी तरह इच्छुक नहीं रहते। ऐसे में कांग्रेस के पास अपनी ताकत बढ़ाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बिना इंडिया गठबंधन मजबूत नहीं हो सकता और पार्टी पूरे देश में अपनी स्थिति मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।

पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) के मुद्दे पर ऑल इंडिया इमाम ऑर्गनाइजेशन के प्रमुख इमाम उमर अहमद इलियासी के बयान का समर्थन करते हुए मीर ने कहा कि पीओके भारत का हिस्सा है और इस पर संसद में भी बात हो चुकी है। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लंबे समय से इस मुद्दे पर बयान देती रही है, लेकिन बीते वर्षों में इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने यहां तक कहा कि जब अवसर मिले, तब भी सरकार ने दबाव में आकर कदम पीछे खींच लिए।

जम्मू-कश्मीर की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए मीर ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद से कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी सीधे गृह मंत्रालय के पास है, लेकिन इसके बावजूद हालात बेहतर होने के दावों के विपरीत कई बड़े घटनाक्रम सामने आए हैं। उन्होंने पहलगाम की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक साल बीतने के बावजूद अब तक दोषियों की पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जम्मू और कश्मीर दोनों क्षेत्रों में लगातार घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार इन हालातों को छिपाने की कोशिश कर रही है।

आर्थिक और सामाजिक प्रभावों पर बात करते हुए कांग्रेस विधायक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय तनाव और युद्ध जैसे हालात का असर देश के अंदर भी साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि कई व्यावसायिक इकाइयां, फैक्ट्रियां और छोटे कारोबार प्रभावित हुए हैं। पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति में बाधाएं आ रही हैं, खासकर कश्मीर में कृषि से जुड़े कार्य जैसे कीटनाशक छिड़काव तक प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन द्वारा ईंधन वितरण पर लगाए गए प्रतिबंधों का भी जिक्र किया और कहा कि जमीनी स्थिति काफी गंभीर है। अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम पर टिप्पणी करते हुए मीर ने कहा कि युद्ध का असर वैश्विक स्तर पर दिख रहा है और इसका सीधा प्रभाव भारत पर भी पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस संघर्ष के पीछे ठोस कारण स्पष्ट नहीं हैं और कई देश इससे दूरी बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे यह युद्ध लंबा खिंचेगा, उसका असर भारत सहित अन्य देशों पर और अधिक गहरा होगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 April 2026 7:20 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story