पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में साफ होने वाला है भाजपा का सूपड़ा प्रमोद तिवारी
लखनऊ, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव को लेकर दावा किया है कि इन राज्यों में भाजपा के खिलाफ माहौल है और उसकी सरकार नहीं बनने वाली है। भाजपा का सूपड़ा साफ होने वाला है।
लखनऊ में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस सांसद ने कहा कि भाजपा पांच राज्यों में जैसे-तैसे सरकार बनाने का सपना देख रही है, लेकिन मैं पांच राज्यों से आ रहे फीडबैक के आधार पर कह सकता हूं कि भाजपा सरकार नहीं बना पाएगी। उन्होंने कहा कि जमीन पर कांग्रेस मजबूत है और हमारे पक्ष में माहौल है।
प्रमोद तिवारी ने महिला आरक्षण बिल पर कहा कि कांग्रेस और विपक्ष के सहयोग से यह पहले ही पारित हो चुका है और इसका विरोध नहीं हुआ। हम लोगों ने कहा था कि एक तिहाई महिलाओं का आरक्षण दिया जाए। इस बिल से निसंदेह महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी, लेकिन चुनाव के समय में इसको कहने की क्या जरुरत है। राजनीतिक लाभ लेने के लिए इसे सत्र में लाया जा रहा है। 16 अप्रैल से स्पेशल सत्र में इस बिल को लेकर चर्चा होगी, ताकि उसका राजनैतिक फायदा फिर उठाया जा सकें।
असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा के बयान पर कांग्रेस सांसद ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जब सामने हार दिखाई पड़ती है तो आदमी का मानसिक संतुलन बिगड़ जाता है। भ्रष्टाचार और अपराध के कारण असम में सरमा का जाना तय है। ये कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए थे।
उन्होंने कहा कि सभी को मालूम है कि चुनाव के बाद सजा मिलेगी तो भाजपा के साथ वफादारी दिखाने के लिए कुछ ज्यादा ही इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। मैं उनके लिए अपशब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहता, लेकिन ये इस काबिल है कि कोई भी अपशब्द इनके लिए छोटा पड़ जाएगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के ईरान पर दिए बयान पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि मुझे लगता है कि जिस तरह का बयान ट्रंप की ओर से दिया गया, यह कोई संतुलित व्यक्ति नहीं दे सकता। अस्पताल और स्कूल पर बमबारी की। यह नरसंहार हो रहा है। दुख इस बात का है कि भारत अपना रोल नहीं निभा रहा है। युद्ध चल रहा है और देश में गैस संकट पड़ा हुआ है, रसोई गैस के लिए लंबी लाइन है और पेट्रो-डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 April 2026 7:04 PM IST












