पांचवां टी20 भारतीय टीम 'ट्रैफिक' में फंसी, टॉस में हुई 45 मिनट की देरी
साउथेम्प्टन, 11 जुलाई (आईएएनएस)। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला शनिवार को साउथेम्प्टन में खेला जाना है। भारतीय समयानुसार टॉस शाम 6:30 बजे होना था और मैच की पहली गेंद शाम 7 बजे फेंकी जानी थी। लेकिन तय समयानुसार टॉस नहीं हो सका। इसकी वजह टीम इंडिया का 'ट्रैफिक' में फंसना रहा।
हैम्पशायर इलाके में भारी ट्रैफिक जाम की वजह से मैदान पर आने-जाने का समय बुरी तरह प्रभावित हुआ। लोकल ऑन-द-ग्राउंड रिपोर्ट और दर्शकों ने बताया है कि कम दूरी का सफर भी बड़ी रुकावट बन गया, वेन्यू से चार मील से भी कम दूरी पर मौजूद साउथेम्प्टन एयरपोर्ट पार्कवे स्टेशन से एक पब्लिक बस को स्टेडियम के गेट तक पहुंचने में लगभग एक घंटा लग गया।
भारतीय टीम ट्रैफिक जाम में फंसने की वजह से वेन्यू पर देरी से पहुंची। इस वजह से टॉस 45 मिनट देरी से किया जाना निर्धारित किया गया। टॉस भारतीय समयानुसार शाम 7:15 से होना सुनिश्चित हुआ है, जबकि पहली गेंद शाम 7:30 में फेंकी जाएगी।
इस अचानक हुई देरी से पांच मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मैच में एक और ट्विस्ट आ गया है। इंग्लैंड ने पहले के मैचों में शानदार प्रदर्शन के बाद 3-0 की अजेय बढ़त के साथ सीरीज पहले ही अपने नाम कर ली है। सीरीज का पहला मैच डरहम में बारिश की वजह से धुल गया था।
पांचवां मैच जीत कर हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली इंग्लैंड 4-0 से क्लीन स्वीप करने की कोशिश करेगी। जीत की स्थिति में इंग्लैंड, भारत को हटाकर टी20 की नंबर वन टीम बन सकती है।
दूसरी ओर, श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम 14 जुलाई से बर्मिंघम में शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले कुछ इज्जत बचाने और एक मुश्किल टी20 सीरीज को अच्छे से खत्म करने की कोशिश करेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 July 2026 7:14 PM IST












