पाकिस्तान की बल्लेबाज गुल फिरोजा पर आईसीसी का एक्शन, मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगा
नई दिल्ली, 9 सितंबर (आईएएनएस)। महिला एशिया कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। इसी बीच पाकिस्तान की शीर्ष क्रम की बल्लेबाज गुल फिरोजा पर अनुशासन तोड़ने के लिए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही उनके रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पाइंट भी जोड़ा गया है।
दरअसल, गुल फिरोजा ने सोमवार को दुबई में हांगकांग के खिलाफ मैच के दौरान ऑन-फील्ड अंपायर के एलबीडब्ल्यू आउट देने के फैसले पर अपनी असहमति जताई थी।
मामला पाकिस्तान की पारी के पांचवें ओवर का था। फिरोजा बाएं हाथ की कलाई की स्पिनर कैरी चैन की टॉस-अप डिलीवरी को स्वीप करने के लिए नीचे उतरीं, ऐसा लगा कि वह चूक गईं, और गेंद स्टंप के सामने उनके पैड पर लगी। ऑन-फील्ड फैसला आउट था। टूर्नामेंट में डीआरएस का इस्तेमाल नहीं होने के कारण, फिरोजा को जाना पड़ा। पेवेलियन लौटते समय फिरोजा ने अंपायर के फैसले पर असहमति जताई थी और इसी वजह से उन पर आईसीसी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।
आईसीसी के मुताबिक, फिरोजा ने ऑन-फील्ड अंपायर के फैसले पर अपनी असहमति जताते हुए अपने बल्ले की ओर इशारा करते हुए कहा था कि एज लगा है। उनका व्यवहार आईसीसी प्लेयर्स के लिए कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.8 का उल्लंघन था। यह 24 महीने के समय में फिरोजा की दूसरी गलती थी। इस वजह से उस समय उनके कुल दो डिमेरिट पॉइंट हो गए।
फिरोज़ा एशिया कप के दौरान कोड ऑफ कंडक्ट तोड़ने के लिए दोषी पाई जाने वाली पाकिस्तानी दूसरी खिलाड़ी बन गईं। इससे पहले उनकी कप्तान फातिमा सना पर भी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था। फातिमा को शनिवार को भारत के खिलाफ मैच के दौरान शेफाली वर्मा को आउट करने के बाद किए गए व्यवहार के लिए एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया था।
भारत के खिलाफ मैच में पाकिस्तान को करारी हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन हांगकांग पर 72 रन से जीत के साथ, पाकिस्तान ग्रुप ए से भारत के साथ सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है।
एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश ने जगह बनाई है। सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला बांग्लादेश और पाकिस्तान का मुकाबला श्रीलंका से होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Sept 2026 11:32 AM IST












