पालम अग्निकांड दिल्ली सरकार ने 10 लाख रुपए तक मुआवजा देने का किया ऐलान
नई दिल्ली, 18 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार को एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना पर गहरा दुख जताया और मृतक के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक मदद का ऐलान किया है।
सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि पालम में हुई भीषण अग्निकांड से मैं अत्यंत व्यथित हूं। मासूमों की जान जाना हृदयविहीन है। मेरी हार्दिक संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और उनके परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दें।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहायता सुनिश्चित करेगी। आर्थिक सहायता इस प्रकार से प्रदान की जा रही है: मृत वयस्क परिवारों को 10 लाख रुपए प्रत्येक, मृत नाबालिगों के परिवारों को 5 लाख रुपए प्रत्येक और गंभीर रूप से घायलों को 2 लाख रुपए प्रत्येक।
उन्होंने कहा कि हम इस कठिन समय में राहत, सहायता और सभी आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बता दें कि दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार को एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई।
दमकल विभाग के अनुसार, मौके पर आग बुझाने के लिए कुल 25 गाड़ियों को तैनात किया गया है। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की और धीरे-धीरे स्थिति को नियंत्रित किया गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
इस हादसे में इमारत के अंदर मौजूद कई लोग धुएं के कारण फंस गए थे। राहत टीमों ने समय रहते लोगों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने के बाद इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और दमकल विभाग की टीमों को सहयोग करने लगे। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया और यातायात को नियंत्रित किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 March 2026 6:05 PM IST












