पलामू में फंदे पर लटका मिला नवविवाहिता का शव, मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर हत्या का लगाया आरोप

पलामू में फंदे पर लटका मिला नवविवाहिता का शव,  मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर हत्या का लगाया आरोप
झारखंड के पलामू जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित रजवाडीह गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 25 वर्षीय मनीषा देवी के रूप में हुई है। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है।

मेदिनीनगर, 13 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के पलामू जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित रजवाडीह गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 25 वर्षीय मनीषा देवी के रूप में हुई है। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है।

सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेज दिया। जानकारी के मुताबिक, मनीषा की शादी अप्रैल 2025 में रजवाडीह निवासी मिथलेश साव से हुई थी। मृतका का करीब दो माह का एक बेटा है। बताया गया है कि उसका पति रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर काम करता है और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं था। मनीषा का मायका लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के पुरानी पतर गांव में है।

घटना की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग रजवाडीह पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि मनीषा आत्महत्या नहीं कर सकती थी। उनका कहना है कि उसकी हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को फांसी पर लटका दिया गया। मृतका के परिजनों ने उसके देवर, सास, ससुर और ननद पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आवेदन और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 July 2026 1:56 PM IST

Tags

Next Story