पंचकूला में केजी की छात्रा से बर्बरता पर हरियाणा शिक्षा विभाग सख्त, सेक्टर-20 संस्कृति स्कूल की प्रिंसिपल सस्पेंड

चंडीगढ़, 1 नवंबर (आईएएनएस)। पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित शहीद मेजर अनुज राजपूत राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में केजी कक्षा की छात्रा की पिटाई के मामले में हरियाणा शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने स्कूल की प्रिंसिपल नीलू को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
हरियाणा सरकार के माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से रविवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार शहीद मेजर अनुज राजपूत राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर 20 पंचकूला की प्रिंसिपल नीलू को हरियाणा सिविल सेवा (दंड एवं अपील) नियम, 2016 के नियम 5 के प्रावधानों के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
यह आदेश विजय सिंह दहिया, आईएएस, प्रधान सचिव, हरियाणा सरकार, स्कूल शिक्षा विभाग, चंडीगढ़ द्वारा जारी किया गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान प्रिंसिपल नीलू को हरियाणा सिविल सेवा (सामान्य) नियम, 2016 के नियम 83 के तहत जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा, जो हरियाणा राज्य पर लागू है। साथ ही निलंबन के दौरान वे सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ेंगी।
सेक्टर-20 के इस सरकारी मॉडल स्कूल में केजी में पढ़ने वाली एक मासूम बच्ची के साथ बर्बरता का मामला सामने आया था। आरोप है कि बच्ची की बेरहमी से पिटाई की गई, जिसके बाद परिजनों ने हंगामा किया था और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी। मामले ने तूल पकड़ने के बाद शिक्षा विभाग ने तुरंत संज्ञान लिया और प्रिंसिपल के खिलाफ सस्पेंशन की कार्रवाई की है।
विभाग ने इस आदेश की प्रतिलिपि आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रिंसिपल अकाउंटेंट जनरल, ट्रेजरी ऑफिसर पंचकूला और अंबाला, डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन ऑफिसर पंचकूला और अंबाला सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी है ताकि आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
