पंचकूला भाजपा प्रदेश मुख्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान कार्यशाला’ का आयोजन
पंचकूला, 26 अगस्त (आईएएनएस)। हरियाणा के पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय ‘पंच-कमल’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाजपा सांसद सतीश पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर देशभर में सेवा का संकल्प लिया जाएगा। इसके तहत एक महीने तक विभिन्न सेवा और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री के जन्मदिन तथा उनके सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से हरियाणा भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। सेवा कार्यों के साथ-साथ केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
कांग्रेस को लेकर असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सतीश पूनिया ने कहा कि देश की राजनीति में ‘वोट बैंक’ शब्द का इस्तेमाल कांग्रेस ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जाति के आधार पर लोगों को बांटने और तुष्टीकरण की राजनीति करने का काम किया। कांग्रेस ने मुसलमानों के उत्थान के लिए पर्याप्त काम नहीं किया। अगर ऐसा किया गया होता तो मुस्लिम समाज भी देश की मुख्यधारा में और मजबूती से शामिल होता।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ओपी धनखड़ ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान करीब 13 तरह के कार्यक्रम होंगे। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और देशसेवा के अवसर पर लाभार्थी दीपक जलाकर अपना आभार व्यक्त करेंगे। इसके अलावा नई पीढ़ी के विकसित भारत के सपने और उसकी कल्पना को लेकर भाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। 17 अक्टूबर को एक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश और प्रदेश में हुए बड़े बदलावों को लोगों के सामने रखा जाएगा।
उन्होंने अटल टनल और चिनाब पुल जैसे बड़े बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों की सूची तैयार की गई है, जिसे भाजपा कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराया जाएगा। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल और उसके बाद केंद्र में पीएम मोदी के नेतृत्व को मिलाकर देखें तो यह एक शानदार कार्यकाल रहा है।
ओपी धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने कई क्षेत्रों में तेजी से प्रगति की है। भारत अब हथियारों का केवल खरीदार नहीं, बल्कि रक्षा क्षेत्र में दूसरे देशों को उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी बड़े बदलाव हुए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 Aug 2026 8:09 PM IST












