मचा रहा हड़कंप: 6 घंटे में रायगढ़ से रिसॉर्ट से सुरक्षित बरामद हुईं कफ परेड की 3 लापता बच्चियां, मुंबई पुलिस की तत्परता से परिवारों को मिली राहत

Third Party
Third Party 
  • मुंबई पुलिस के फ़िल्मी अंदाज़ और तत्परता से परिवारों को मिली राहत
  • टेक्निकल सर्विलांस और मुंबई पुलिस का मिशन कर्जत

Mumbai News. दक्षिण मुंबई के कफ परेड इलाके में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 15 साल की एक बच्ची और उसकी दो सहेलियां अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं, लेकिन मुंबई पुलिस की सतर्कता, तेज़ तर्रार कार्यशैली और फ़िल्मी अंदाज़ में चलाए गए एक गुप्त ऑपरेशन ने इस मामले को महज़ 6 घंटे के भीतर सुलझा दिया। कफ परेड पुलिस ने पड़ोसी ज़िले रायगढ़ के कर्जत से तीनों नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित बरामद कर उनके रोते-बिलखते परिवारों के सुपुर्द कर दिया।

घटना कफ परेड स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर नगर की है। 25 अगस्त को तड़के करीब 6 बजे जब शिकायतकर्ता व बच्ची की मां काम पर निकलने लगीं, तो उनकी 15 वर्षीय बेटी घर पर नहीं थी। लगा कि वह वॉशरूम गई होगी, इसलिए मां काम पर चली गईं। दोपहर तक जब बच्ची घर नहीं लौटी, तो परिजनों को लगा कि स्कूल से आने में देरी हुई होगी। असली मोड़ दोपहर 4 बजे आया, जब स्कूल के क्लास टीचर का फोन आया। शिक्षक ने बताया कि उनकी बेटी और उसकी दो सहेलियां पिछले कई दिनों से अनुपस्थित हैं और आज भी स्कूल नहीं आई हैं। अनहोनी की आशंका से घबराए परिजन तुरंत कफ परेड पुलिस स्टेशन पहुंचे।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर लिया।

टेक्निकल सर्विलांस और मुंबई पुलिस का मिशन कर्जत

मामला दर्ज होते ही कफ परेड पुलिस हरकत में आई। पुलिस उप-निरीक्षक प्रशांत नेरकर और क्राइम डिटेक्टिव टीम ने बिना एक मिनट गंवाए जांच शुरू की। पुलिस ने तुरंत टेक्निकल एनालिसिस और आधुनिक सर्विलांस तकनीक का सहारा लिया। लोकेशन ट्रेस करते ही पुलिस के होश उड़ गए। तीनों बच्चियों की लोकेशन मुंबई से दूर रायगढ़ ज़िले के कर्जत इलाके में आ रही थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मुंबई पुलिस ने बिना वक्त गंवाए दो अलग-अलग विशेष टीमों का गठन किया और मुंबई से रायगढ़ (2 ज़िलों) के बीच एक तेज़-तर्रार रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

रिसॉर्ट से सुरक्षित बरामदगी

लोकेशंस को ट्रैक करते हुए पुलिस टीम फ़िल्मी अंदाज़ में कर्जत के एक रिसॉर्ट में दाखिल हुई। पुलिस ने वहां दबिश देकर तीनों 15-15 वर्षीय लापता बच्चियों को सकुशल ढूंढ निकाला और उन्हें अपनी कस्टडी में ले लिया। एक अधिकारी ने बताया कि तीनों लड़कियां 25 अगस्त की सुबह 5 बजे अपने घर वालों को बताए बिना सीएसएमटी स्टेशन से ट्रेन पकड़कर रायगढ़ चली गई थी। लड़कियों के घर वाले उन्हें कहीं जाने नहीं देते थे, इससे गुस्सा होकर उन्होंने यह कदम उठा लिया था। तीनों लड़कियां कक्षा 9 की छात्राए है और दक्षिण मुंबई की रहने वाली हैं। जांच और ज़रूरी कानूनी प्रक्रियाओं के बाद तीनों बच्चियों को मुंबई लाकर उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बच्चियों को सही-सलामत वापस पाकर परिजनों की आंखों में आंसू आ गए और उन्होंने मुंबई पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मुस्तैदी का तहे दिल से शुक्रिया अदा किया।

Created On :   26 Aug 2026 9:30 PM IST

Tags

Next Story