चैट जीपीटी से गढ़ी थी कहानी: कर्ज में डूबे युवक ने रची थी सलमान खान से वसूली की साजिश, फर्जी निकली जान से मारने की धमकी

कर्ज में डूबे युवक ने रची थी सलमान खान से वसूली की साजिश, फर्जी निकली जान से मारने की धमकी
  • मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में खुलासा
  • चैट जीपीटी से गढ़ी थी कहानी, आरोपी ने कबूला गुनाह
  • फर्जी निकली जान से मारने की धमकी

Mumbai News. अभिनेता सलमान खान को इसी साल 18 फरवरी को मिली जान से मारने का धमकी फर्जी थी। दरअसल 35 लाख रुपए के कर्ज में डूबे बिहार के सीवान जिला निवासी आसिफ मोहम्मद मुस्लिम राजा (25) ने आधुनिक तकनीक (चैट जीपीटी) से झूठी कहानी गढ़ी थी। अपना कर्ज चुकाने के लिए आरोपी मोटी रकम अभिनेता से ऐंठना चाहता था। बांद्रा पुलिस स्टेशन और मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में यह खुलासा हुआ है। क्राइम ब्रांच ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से चार मोबाइल फोन और नकदी जब्त की गई है।

आरोपी 18 फरवरी की शाम बांद्रा (पश्चिम) स्थित सलमान के निवास गैलेक्सी अपार्टमेंट आया था। उसने सुरक्षाकर्मियों को बताया कि तीन अज्ञात लोगों ने उसे अभिनेता को शारीरिक नुकसान पहुंचाने की सुपारी दी है। यह दावा भी किया था कि उन अज्ञात लोगों ने उसे 2.15 लाख रुपए नकद और तीन मोबाइल फोन दिए हैं। आरोपी चाहता था कि सुरक्षाकर्मी उसे सलमान के पास जाने दें। लेकिन, इसे सुरक्षाकर्मियों ने बांद्रा पुलिस स्टेशन को इसकी सूचना दे दी। मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी गई थी।

इस तरह खुली पोल

-क्राइम ब्रांच ने आसिफ के चार मोबाइल फोन में मौजूद व्हॉट्सएप चैट का तकनीकी विश्लेषण किया, तो मनगढ़त कहानी की पोल खुल गई।

-व्हॉट्सएप चैट में मैसेज भेजने वाले और जवाब देने वाले, दोनों की शब्दावली और वाक्य में समानता पाई गई।

-आरोपी ने कबूला कि उसने चैट जीपीटी से धमकी वाला संदेश तैयार किया था ताकि इसे गंभीरता से लिया जाए।

-आरोपी ने जिस जगह अज्ञात लोगों से मुलाकात व पैसे के लेन-देन का दावा किया था, वहां के सीसीटीवी फुटेज में कुछ भी संदिग्ध नहीं दिखा।

-संदेश भेजने के लिए खरीदा था नया मोबाइल। पुराना फोन बांद्रा बैंडस्टैंड के पास छिपाया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

जुए की लत के चलते कर्ज में डूबा

आसिफ ने पूछताछ में बताया कि उसे ऑनलाइन जुए की लत थी। इस कारण वह कर्ज में डूब गया। कर्ज उतारने और पैसे कमाने के लिए उसने एक शैक्षणिक प्रोजेक्ट बनाया था। वह अभिनेता के एनजीओ से इसी प्रोजेक्ट के लिए आर्थिक मदद चाहता था। उसने सलमान ही नहीं शाहरुख खान और आमिर खान के घर के भी चक्कर काटे थे और सुरक्षाकर्मियों को रिश्वत देने की कोशिश की थी।

सीवान से मंगवाए थे 1.30 लाख रुपए

अज्ञात लोगों से पैसे मिलने का नाटक सच्चा लगे, इसके लिए आसिफ ने सीवान स्थित अपने गांव से फोन-पे के जरिए 1.30 लाख रुपए मंगवाए थे। यह रकम उसने बांद्रा के एक मनी ट्रांसफर एजेंट से हासिल की थी। पुलिस ने उस एजेंट का बयान दर्ज किया है।

Created On :   25 Aug 2026 10:24 PM IST

Tags

Next Story