पर्दाफाश: मझगांव में गणेश आगमन पर अंडे फेंकने के मामले में भायखला पुलिस ने महज़ 36 घंटों में आरोपी को किया गिरफ्तार

मझगांव में गणेश आगमन पर अंडे फेंकने के मामले में भायखला पुलिस ने महज़ 36 घंटों में आरोपी को किया गिरफ्तार
  • भायखला पुलिस ने महज़ 36 घंटों में अंडे फेंकने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार
  • पटाखों के धुएँ से नाराज होकर आरोपी डिलीवरी बॉय ने रची थी साज़िश

Mumbai News. मुंबई के प्रसिद्ध माझगांवचा मोरया गणपति मंडल के आगमन जुलूस पर अंडा फेंककर क्षेत्र का माहौल खराब करने और सामाजिक शांति भंग करने की कोशिश करने वाले आरोपी को भायखला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 36 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान दानिश शेर खान(22) के रूप में हुई है, जो इलाके में ऑनलाइन ऑर्डर पर अंडों की होम डिलीवरी का काम करता है। यह पूरी घटना 23 अगस्त 2026 की है। माझगांव इलाके में माझगांवचा मोरया की श्रीजी आगमन यात्रा बड़े ही धूमधाम, बैंड-बाजे और श्रद्धालुओं के भारी उत्साह के साथ निकाली जा रही थी। जैसे ही यह जुलूस रामभाऊ भोगले मार्ग से गुजर रहा था, तभी एक बहुमंजिला इमारत की ऊपरी मंजिल से किसी अज्ञात व्यक्ति ने जुलूस के बीच में अचानक अंडे फेंक दिए। गणेशोत्सव के इस पवित्र अवसर पर हुई इस अवांछित घटना से मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश फैल गया, जिससे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। मामले की संवेदनशीलता और जन-भावनाओं को देखते हुए भायखला पुलिस ने बिना कोई समय गंवाए तत्काल भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 (धार्मिक भावनाओं को आहत करना) और धारा 196 (विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।

5 टीमों का गठन और 36 घंटे में पर्दाफाश

पुलिस उपायुक्त जयंत मीना के अनुसार, घटना की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर तुरंत 5 विशेष जांच टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने स्थानीय क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाने के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों (सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल सर्विलांस) की मदद से संदिग्धों की पड़ताल शुरू की। तकनीकी जांच और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने जल्द ही आरोपी दानिश शेर खान को चिह्नित कर लिया। इसके बाद पुलिस 36 घंटे के अंदर ही आरोपी दानिश को गिरफ्तार कर लिया।

पटाखों के धुएं से नाराज होकर रची थी साजिश

  • पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी दानिश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद घटना के पीछे की हैरान कर देने वाली वजह सामने आई।
  • डिलीवरी के दौरान की घटना - दानिश रोजाना की तरह 23 अगस्त को भी ऑनलाइन ऑर्डर के तहत रामभाऊ भोगले मार्ग स्थित एक इमारत में अंडे पहुंचाने जा रहा था।
  • धुएं और प्रदूषण से घुटन - उसी समय इमारत के ठीक बाहर से माझगांवचा मोरया का जुलूस गुजर रहा था, जिसमें श्रद्धालुओं द्वारा काफी आतिशबाजी की जा रही थी। आतिशबाजी के कारण क्षेत्र में पटाखों का काफी तेज धुआं फैल गया, जिससे दानिश को सांस लेने में भारी तकलीफ और घुटन महसूस होने लगी। इसी बात से चिढ़कर और मन में गुस्सा रखकर उसने तुरंत जुलूस पर ऊपर से अंडे फेंक दिए।

स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में

भायखला पुलिस की इस तेज और सटीक कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों और गणपति मंडलों ने राहत की सांस ली है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल क्षेत्र में पूरी तरह से शांति और कानून-व्यवस्था बहाल है।

Created On :   25 Aug 2026 10:10 PM IST

Tags

Next Story