एजेंट की करतूत: मशहूर पटकथा लेखिका व बाजीराव मस्तानी फेम मल्लिका घरडे के साथ 2.20 करोड़ की ठगी

मशहूर पटकथा लेखिका व बाजीराव मस्तानी फेम मल्लिका घरडे के साथ 2.20 करोड़ की ठगी
  • बीमार पति को सरकारी नीलामी में 3 बीएचके फ्लैट दिलाने का झांसा देकर महिला एजेंट ने की धोखाधड़ी
  • जालसाज महिला के खिलाफ केस दर्ज, आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं इसी तरह की धोखाधड़ी के कई मामले
  • कुरार पुलिस तलाश में जुटी

Mumbai News. मुंबई की नामचीन हस्तियों को प्रॉपर्टी के नाम पर चूना लगाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर फिल्म बाजीराव मस्तानी फेम व बॉलीवुड की मशहूर पटकथा लेखिका मल्लिका आशीष घरडे (42) के साथ 2 करोड़ 20 लाख 26 हजार रुपये की भारी-भरकम वित्तीय धोखाधड़ी हुई है। जालसाज महिला एजेंट ने उनके गंभीर रूप से बीमार पति को सस्ते सरकारी नीलामी का लालच देकर यह रकम ऐंठी। मालाड पूर्व की रहने वाली मल्लिका के पति का जुलाई 2024 में बीमारी के चलते निधन हो चुका है। पीड़िता की शिकायत पर कुरार पुलिस ने 22 अगस्त 2026 को आरोपी महिला दलाल गीता यादव के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

बीमारी की लाचारी और सरकारी लकी ड्रॉ का झांसा

घटनाक्रम वर्ष 2023 का है। मल्लिका घरडे के पति दत्त घरडे, जो लिवर सिरोसिस और सिकलसेल एनीमिया जैसी जानलेवा बीमारियों से जूझ रहे थे), सांताक्रुज पश्चिम स्थित जुहू चर्च रोड की वंदना को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में अपने परिवार के लिए 3 बीएचके फ्लैट खरीदना चाहते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात आरोपी गीता रविप्रकाश यादव से हुई। गीता ने मालाड पूर्व के एक्सप्रेस जोन स्थित अपनी संस्था श्री राधास्वामी फाइनेंस एंड रियल एस्टेट ऑक्शन मैनेजमेंट के बारे में बताया। उसने दावा किया कि एसेट रीकंस्ट्रक्शन कंपनियों (एआरसी) और प्रमुख बैंकों के शीर्ष अधिकारियों से उसकी सीधी साठगांठ है, जिससे वह सीज संपत्तियों को नीलामी प्रक्रिया से बाहर निकालकर बेहद रियायती दरों पर अलॉट करवा सकती है।

फर्जी सरकारी नोटिस दिखाकर ऐंठे 2.08 करोड़

आरोपी गीता ने वंदना सोसाइटी के फ्लैट नंबर 301 का सौदा 2 करोड़ रुपये में तय किया। विश्वास दिलाने के लिए उसने 20 मार्च 2023 का कस्टोडियन ऑफिस( विशेष न्यायालय, भारत सरकार) का एक जाली पब्लिक नोटिस दिखाया। पति की बिगड़ती तबीयत और मानसिक दबाव का फायदा उठाकर आरोपी ने दंपत्ति से 24 अप्रैल से 2 सितंबर 2023 के बीच आरटीजीएस व चेक के माध्यम से 2.08 करोड़ रुपये अपने खातों में जमा करवा लिए।

लोनावला फार्महाउस और कार के नाम पर अतिरिक्त चपत

ठगी का सिलसिला यहीं नहीं थमा। मई 2023 में आरोपी ने लोनावला में सरकारी नीलामी वाली इनोवा कार और एक प्रीमियम फार्महाउस दिलाने का झांसा दिया। इस प्रलोभन में आकर दंपत्ति ने जुलाई से नवंबर 2023 के दौरान यूपीआई के जरिए 12.26 रुपये की अतिरिक्त रकम आरोपी को ट्रांसफर कर दी।

पति की मौत के बाद खुला राज, आरोपी पहले से शातिर अपराधी

3 जुलाई 2024 को बीमारी के कारण दत्त घरडे का निधन हो गया। इसके बाद भी फ्लैट का पजेशन न मिलने पर मल्लिका ने वकीलों के जरिए जांच-पड़ताल शुरू की।

नरीमन भवन स्थित स्पेशल कोर्ट के कस्टोडियन ऑफिस से लिखित पुष्टि हुई कि गीता यादव या उसकी संस्था का वहां कोई वजूद ही नहीं है।

आरोपी महिला के खिलाफ समता नगर पुलिस स्टेशन और दहिसर पुलिस स्टेशन में पहले से धोखाधड़ी के केस दर्ज हैं। 17 जनवरी 2022 को बॉम्बे हाईकोर्ट भी उसकी अग्रिम जमानत खारिज कर चुका है।

बैंक ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड, जाली दस्तावेज और व्हाट्सएप चैट के आधार पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है

Created On :   24 Aug 2026 9:45 PM IST

Tags

Next Story