IFFM 2026: ‘फुल प्लेट’ के साथ आईएफएफएम 2026 का समापन, 36 भाषाओं की 130 से ज्यादा फिल्मों का प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। निर्देशक और अभिनेत्री तन्निष्ठा चटर्जी की फिल्म ‘फुल प्लेट’ के साथ इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न( आईएफएफएफम ) 2026 के 17वें संस्करण का समापन हुआ। 23 अगस्त को फिल्म को फेस्टिवल की क्लोजिंग नाइट फिल्म के तौर पर प्रदर्शित किया गया। फिल्म में कीर्ति कुल्हारी मुख्य भूमिका में हैं, जबकि अभिनेता शारिब हाशमी भी स्क्रीनिंग के दौरान मौजूद रहे और उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई दर्शकों के सामने फिल्म को प्रस्तुत किया।
खाना बनाने के हुनर से पहचान बनाने की कहानी
‘फुल प्लेट’ एक ऐसी गृहिणी की कहानी है, जिसे खाना बनाने का स्वाभाविक हुनर हासिल है। उसके लिए खाना केवल घर की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि अपनी पसंद और पहचान जाहिर करने का माध्यम बन जाता है। फिल्म के जरिए दिखाया गया है कि परिवार और समाज की अपेक्षाओं के बीच महिलाएं किस तरह रोजमर्रा की जिंदगी में समझौते करती हैं और अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश करती हैं।
यह भी पढ़े -'मर्यादाओं का ध्यान रखना चाहिए', कृति सेनन के रक्षा बंधन ऐड विवाद पर कंगना की प्रतिक्रिया
महिलाओं की पहचान पर उठाती है सवाल
तन्निष्ठा चटर्जी ने फिल्म के जरिए महिलाओं की इच्छाओं, पहचान और उन पर रखी जाने वाली सामाजिक अपेक्षाओं को कहानी का हिस्सा बनाया है। आईएफएफएफम की डायरेक्टर मितु भौमिक लैंगे ने कहा कि फेस्टिवल हमेशा ऐसी भारतीय कहानियों को मंच देना चाहता है, जो दर्शकों के बीच चर्चा पैदा करें। उनके मुताबिक, ‘फुल प्लेट’ एक दुनिया को अलग नजरिए से पेश करती है और महिलाओं, परिवार व पहचान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार करने का मौका देती है। इस साल फिल्म फेस्टिवल में 36 भाषाओं की 130 से ज्यादा फिल्मों का प्रदर्शन हुआ। ऐसे में ‘फुल प्लेट’ के साथ फेस्टिवल का समापन भारतीय सिनेमा की विविध कहानियों को अंतरराष्ट्रीय मंच देने की उसकी कोशिश को भी दर्शाता है।
Created On :   24 Aug 2026 11:50 PM IST










