Don 3 Controversy: डॉन 3 विवाद के बीच रणवीर के पिता पहुंचे इम्पा

डॉन 3 विवाद के बीच रणवीर के पिता पहुंचे इम्पा
डॉन 3 को लेकर रणवीर सिंह और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बीच चल रहा विवाद अब इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन तक पहुंच गया है।

ब्यूरो, मुंबई। डॉन 3 को लेकर रणवीर सिंह और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बीच चल रहा विवाद अब इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन तक पहुंच गया है। इस मामले में रणवीर सिंह के पिता जगजीत सिंह भवानी ने 18 अगस्त को इम्पा के अधिकारियों से मुलाकात कर रणवीर की ओर से अपना पक्ष रखा और संबंधित दस्तावेज भी सौंपे। इस पूरे मामले पर दैनिक भास्कर से बातचीत में इम्पा के प्रेसिडेंट अभय सिन्हा ने कहा कि यह मामला करीब एक सप्ताह पहले एसोसिएशन के पास आया है।

उन्होंने बताया कि फिलहाल इम्पा की लीगल टीम पूरे मामले को देख रही है और दोनों पक्षों की ओर से दिए गए दस्तावेजों और दावों की जांच की जा रही है। अभय सिन्हा के मुताबिक, अभी इस मामले में कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है और एसोसिएशन सभी पहलुओं को समझने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर विचार करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल दोनों पक्षों की बात और उनके दस्तावेज देखे जा रहे हैं, इसलिए किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

अभय सिन्हा ने दैनिक भास्कर को यह भी बताया कि इम्पा की ओर से अगले सप्ताह इस मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी, जिसमें विवाद से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं और एसोसिएशन की भूमिका को लेकर विस्तार से जानकारी दी जाएगी। वहीं, रणवीर सिंह की लीगल टीम ने इम्पा के अधिकार क्षेत्र पर सवाल उठाते हुए कथित तौर पर कहा है कि एसोसिएशन को इस विवाद पर फैसला लेने का अधिकार नहीं है। टीम ने यह भी कहा है कि अगर दोनों पक्षों के बीच विवाद है और बातचीत से समाधान नहीं निकलता, तो मामला अदालत में जाना चाहिए। फिलहाल इंपा ने इस विवाद पर कोई अंतिम फैसला नहीं सुनाया है और कानूनी टीम की जांच जारी है।

Created On :   24 Aug 2026 11:54 PM IST

Tags

Next Story