फैसला: सरकारी अनुदानित आश्रम स्कूलों में दाखिले की आयु सीमा रद्द, पालघर में छात्र की मौत के बाद आश्रम स्कूल अधीक्षक निलंबित

सरकारी अनुदानित आश्रम स्कूलों में दाखिले की आयु सीमा रद्द, पालघर में छात्र की मौत के बाद आश्रम स्कूल अधीक्षक निलंबित
  • राहुल गांधी को जवाब-गड़चिरोली के जिस आश्रम स्कूल में सर्पदंश से बच्चों की मौत हुई
  • सरकारी अनुदानित आश्रम स्कूलों में दाखिले की आयु सीमा रद्द, राज्य के आदिवासी विकास मंत्री वूईके ने की घोषणा
  • पालघर में छात्र की मौत के बाद आश्रम स्कूल अधीक्षक निलंबित

Mumbai News. प्रदेश सरकार के आदिवासी विकास विभाग ने सरकारी अनुदानित आश्रम स्कूलों में विद्यार्थियों के दाखिले के लिए लागू 30 साल की आयु सीमा संबंधित शासनादेश रद्द कर दिया है। विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों के विरोध के बाद राज्य के आदिवासी विकास मंत्री अशोक वूईके ने यह घोषणा की है। वूईके ने मंगलवार को आदिवासी समाज के सर्वदलीय विधायकों और सांसदों के साथ अपने सरकारी आवास पर बैठक की। इसमें उन्होंने बताया कि आदिवासी विद्यार्थियों के आश्रम स्कूलों में प्रवेश की आयु शर्त संबंधी 14 अगस्त 2026 को जारी किया गया शासनादेश रद्द किया जाएगा। वूईके ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की ओर से आदिवासी विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लिखे पत्र पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल का आरोप निराधार है। प्रदेश कांग्रेस के नेता राहुल को अद्यतन जानकारी नहीं देते हैं। गड़चिरोली के जिस आश्रम स्कूल में सर्पदंश से बच्चों की मौत हुई है, उसको कांग्रेस नेता तथा पूर्व सांसद मारोतराव कोवासे चलाते हैं।

पालघर में छात्र की मौत के बाद आश्रम स्कूल अधीक्षक निलंबित

पालघर के मासवण स्थित अनुदानित आश्रम स्कूल में पहली के छात्र श्रेयांश आंबात की 24 अगस्त को बुखार के कारण मौत के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और एकात्मिक आदिवासी विकास परियोजना डहाणू के अधिकारी ने आश्रम स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर संस्था के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। अन्न एवं औषधि प्रशासन विभाग, पालघर के अधिकारियों ने विद्यार्थियों के भोजन में इस्तेमाल किए जाने वाले मसाले, हल्दी, मिर्च, तेल सहित अन्य सामग्री के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे हैं। अपर आयुक्त, आदिवासी विकास, ठाणे ने आश्रम स्कूल का दौरा किया। लापरवाही के आरोप में आश्रम स्कूल के अधीक्षक को निलंबित कर दिया गया है। छात्र की मौत के मामले की जांच के लिए परियोजना स्तर पर विशेष जांच समिति गठित की गई है। समिति आश्रम स्कूल में विद्यार्थियों की स्वास्थ्य व्यवस्था, भोजन, पेयजल और देखभाल की जांच करेगी। मासवण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 30 विद्यार्थी उपचार एवं चिकित्सकीय निगरानी में हैं। इनमें से चार छात्राओं और एक छात्र को बाल रोग विशेषज्ञ की सलाह पर उपचार के लिए मनोर ग्रामीण अस्पताल भेजा गया है। आश्रम स्कूल का संचालन करने वाले आदिसी सेवा मंडल, मुंबई के अध्यक्ष एवं सचिव, प्राथमिक मुख्याध्यापक और कक्षा पहली के शिक्षक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

Created On :   25 Aug 2026 10:31 PM IST

Tags

Next Story