मिशन जेन जी: युवाओं को साधने मिशन मोड पर जुटे सांसद श्रीकांत शिंदे, पार्टी के युवा नगरसेवकों से साधा संवाद

युवाओं को साधने मिशन मोड पर जुटे सांसद श्रीकांत शिंदे, पार्टी के युवा नगरसेवकों से साधा संवाद
  • शिवसेना (शिंदे) के सांसद ने पार्टी के युवा नगरसेवकों से साधा संवाद
  • सांसद श्रीकांत शिंदे इस मिशन का नेतृत्व कर रहे हैं

Mumbai News. नई दिल्ली में छात्र आंदोलन के बाद सत्तारूढ़ और विपक्षी दल युवाओं से संपर्क के लिए अलग-अलग तरकीब अपना रहे हैं। शिवसेना (शिंदे) ने युवाओं की आशा और आकांक्षाओं को जाने और और उन्हें पार्टी से जोड़ने के लिए ‘मिशन जेन जी’ शुरू किया है। शिवसेना (शिंदे) के सांसद श्रीकांत शिंदे इस मिशन का नेतृत्व कर रहे हैं। बुधवार को श्रीकांत ने राज्य की महानगर पालिकों और नगर पालिकाओं में निर्वाचित 30 साल आयु वर्ग तक के पार्टी के युवा नगरसेवकों के लिए ‘युवा जनप्रतिनिधि संवाद शिविर’ को संबोधित किया। इस शिविर में शिवसेना (शिंदे) के स्थानीय निकायों के 250 से अधिक जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। मंत्रालय के पास स्थित महिला आर्थिक विकास महामंडल के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के गृह राज्य मंत्री (शहरी) योगेश कदम, महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अध्यक्ष सिद्धेश कदम, पार्टी के सचिव भाऊसाहेब मोरे, पार्टी नेता तथा पूर्व सांसद आनंद परांजपे और पार्टी की राष्ट्रीय सह-प्रवक्ता शायना एन. सी. सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

इस शिविर में आए जनप्रतिनिधियों को 19 समूहों में बांटा गया था। जिसमें प्रतिनिधियों ने खुलकर अपने-अपने क्षेत्रों के युवाओं की समस्याओं और जरूरतों पर अपनी बात रखी। इस मौके पर श्रीकांत ने कहा कि नई पीढ़ी के साथ संवाद करना बेहद जरूरी है। युवाओं की भावनाओं, उनकी जरूरतों और उनकी अपेक्षाओं को समझने के लिए यह संवाद दोनों तरफ से होना चाहिए। श्रीकांत ने कहा कि पार्टी के युवा जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा, रोजगार, युवाओं के लिए सरकारी योजनाओं और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर कई सुझाव दिए। इन सुझावों को पार्टी स्तर पर लागू करने की कोशिश की जाएगी। युवाओं से संबंधित सुझावों को सरकार की नीतियों और युवाओं को तैयार करते समय उसमें शामिल किया जाएगा।

Created On :   26 Aug 2026 8:56 PM IST

Tags

Next Story