पश्चिम बंगाल में नई सरकार अवैध गतिविधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी देबजीत सरकार
कोलकाता, 17 मई (आईएएनएस)। भाजपा ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान हुई अनियमितताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत दिया है। भाजपा प्रवक्ता देबजीत सरकार ने रविवार को कहा कि जो गलत काम टीएमसी सरकार ने किए हैं, उनके खिलाफ बुलडोजर चलेगा। नई सरकार सभी क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।
देबजीत सरकार ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "पश्चिम बंगाल में सभी सेक्टर में अवैध काम हुए हैं। सरकार जो जरूरी कार्रवाई करनी चाहिए, वह करेगी। जनता ने हमें बहुमत इसलिए दिया है ताकि टीएमसी के सिंडिकेट राज और जंगल राज को समाप्त किया जा सके। लोकतांत्रिक तरीके से प्रशासनिक स्तर पर सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।"
उन्होंने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के 'विश्व बांग्ला' लोगो हटाकर 'अशोक स्तंभ' लगाने के फैसले का स्वागत किया। देबजीत सरकार ने कहा, "2018 से हम भाजपा की तरफ से इसको लेकर आंदोलन कर रहे थे। अशोक स्तंभ भारत की शान है, जिसे हर सरकारी जगह पर होना चाहिए। विश्व बांग्ला किसी एक राज्य का लोगो नहीं हो सकता। सभी राज्यों को मिलाकर ही देश बना है।"
उन्होंने आरजी कर कांड पर कहा, "मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने जो फैसला लिया है, वह बिल्कुल सही है। जांच रोकी गई थी। अब पूरी जांच होगी और दोषियों को सजा मिलेगी।"
वहीं, तीन आईपीएस अधिकारियों के निलंबन पर राजेश कुमार ने कहा, "जनता की मांग थी और जो होना चाहिए था, वही मुख्यमंत्री ने किया। जिन अधिकारियों ने जांच को रोककर रखा और पीड़िता को न्याय नहीं मिलने दिया, उनके खिलाफ कार्रवाई उचित है।"
उन्होंने सुवेंदु अधिकारी की प्रशंसा करते हुए कहा, "सरकार का काम जो है, उसे सुवेंदु अधिकारी कर रहे हैं। वे प्रशासन की हर बारीकी को अच्छे से जानते हैं। सिर्फ कुछ दिनों में उनकी लोकप्रियता सौ गुना बढ़ गई है।"
'विश्व बांग्ला' लोगो विवाद पर भाजपा विधायक अर्जुन सिंह ने भी कहा, "सुवेंदु अधिकारी ने जो लोगो दिया है, वह सर्वश्रेष्ठ है और वही होना चाहिए।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 May 2026 11:28 PM IST












