पश्चिम एशिया में तनाव के बीच इराक फिर से शुरू करेगा तेल का निर्यात, होर्मुज संकट की वजह से रुकी थी सप्लाई

पश्चिम एशिया में तनाव के बीच इराक फिर से शुरू करेगा तेल का निर्यात, होर्मुज संकट की वजह से रुकी थी सप्लाई
इराक कुछ ही दिनों में सभी फील्ड से तेल एक्सपोर्ट फिर से शुरू कर देगा। इराक की सरकारी न्यूज एजेंसी आईएनए ने शनिवार को बताया कि इराक के तेल मंत्रालय ने यह जानकारी दी है।

नई दिल्ली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। इराक कुछ ही दिनों में सभी फील्ड से तेल एक्सपोर्ट फिर से शुरू कर देगा। इराक की सरकारी न्यूज एजेंसी आईएनए ने शनिवार को बताया कि इराक के तेल मंत्रालय ने यह जानकारी दी है।

चार एनर्जी सोर्स ने कहा कि इराक ने शुक्रवार को दक्षिणी तेल एक्सपोर्ट फिर से शुरू कर दिया है, जो होर्मुज स्ट्रेट से शिपिंग में रुकावट के कारण एक महीने से ज्यादा समय तक रुका रहा था। इसके अलावा एक टैंकर ने क्रूड लोड करना शुरू कर दिया है।

इराक का 90 फीसदी कच्चा तेल होर्मुज के रास्ते से जाता है। निर्यात रुकने से इराक के स्टोरेज टैंक अपनी अधिकतम क्षमता तक भर गए थे। इस कारण इराक को अपने दक्षिणी तेल क्षेत्रों (जैसे रुमैला) में उत्पादन में 80% तक की कटौती करनी पड़ी थी। ईरान-अमेरिका तनाव की वजह से होर्मुज स्ट्रेट बंद कर दिया गया, जिसका असर इराक के तेल निर्यात पर हुआ।

दूसरी तरफ, ईरान की सेना का कहना है कि होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों के गुजरने पर रोक फिर से लगाई जा रही है। ईरानी सेना ने आरोप लगाया है कि दोनों पक्षों के बीच सीजफायर में अमेरिका ने बार-बार भरोसा तोड़ा है।

ईरान की संयुक्त सैन्य कमांड ने शनिवार को कहा कि होर्मुज पर नियंत्रण अपनी पिछली स्थिति में लौट आया है। उसने चेतावनी दी कि जब तक ईरानी पोर्ट पर अमेरिका की नाकेबंदी लागू रहेगी, तब तक स्ट्रेट से आवाजाही को रोकता रहेगा।

शुक्रवार को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया कि स्ट्रेट ट्रैफिक के लिए खुला है, लेकिन कुछ ही घंटों में ईरानी सरकारी मीडिया ने पुष्टि की कि “जहाजों के आने-जाने पर ईरानी सेना की पूरी निगरानी है। इसके साथ ही ईरान ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिकी नेवल ब्लॉकेड जारी रहता है तो होर्मुज को बंद कर दिया जाएगा।”

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जोर देकर कहा कि जब तक तेहरान के साथ पूरा समझौता नहीं हो जाता, तब तक ईरानी पोर्ट्स पर नेवल ब्लॉकेड जारी रहेगा। दोनों देशों के बीच पिछले हफ्ते इस्लामाबाद में पहले राउंड की बातचीत फेल हो गई थी। इसके बाद से यह साफ नहीं है कि दोनों पक्ष कब और कहां फिर से मिलेंगे।

ईरानी सेना के प्रवक्ता ने कहा कि तेहरान ने लिमिटेड संख्या में ऑयल टैंकर्स और कमर्शियल शिप को स्ट्रेट से गुजरने की इजाजत दी थी।

अर्ध सरकारी फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, प्रवक्ता ने कहा, “बदकिस्मती से, अमेरिकियों ने बार-बार भरोसा तोड़ा है, जो उनके ट्रैक रिकॉर्ड का हिस्सा है और वे तथाकथित ब्लॉकेड के नाम पर पायरेसी और समुद्री चोरी में लगे हुए हैं।”

उन्होंने कहा कि जब तक अमेरिका ईरानी पोर्ट्स से आने-जाने वाले जहाजों पर लगे प्रतिबंध को खत्म नहीं कर देता, तब तक स्ट्रेट का कंट्रोल सुरक्षा बलों के सख्त मैनेजमेंट और कंट्रोल में है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 April 2026 6:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story