पश्चिम बंगाल खेल, कला और संस्कृति की भूमि, युवाओं को शॉर्टकट से बचना चाहिए नितिन नवीन
कोलकाता, 28 सितंबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को कोलकाता में युवा संवाद सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देशभर में पश्चिम बंगाल एक ऐसा प्रदेश है, जहां कई चीजें एक साथ देखने को मिलती हैं। यहां के लोगों के डीएनए में खेल, कला, साहित्य और संस्कृति है। देश में पश्चिम बंगाल एकमात्र ऐसा राज्य है, जिसके पास ये सभी चीजें सामूहिक रूप से मौजूद हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि आज भी सोशल मीडिया पर वही रील चलती है, जो वास्तविक होती है। फैब्रिकेटेड रील ज्यादा समय तक लोगों के बीच लोकप्रिय नहीं रहती यानी आज का युवा भी वास्तविक चीजों पर भरोसा करता है, बनावटी चीजों पर नहीं। आज की पीढ़ी मौलिकता के ज्यादा करीब है।
उन्होंने कहा कि आज का युवा बहुत जल्दी चीजों से खुश हो जाता है और बहुत जल्दी निराश भी हो जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘परीक्षा पे चर्चा’ का एकमात्र मकसद अपने युवा साथियों को उस निराशा से बाहर निकालना है। जीवन एक बार मिला है और कोई एक असफलता जीवन को समाप्त नहीं कर सकती। हर असफलता भविष्य की सफलता की कुंजी होती है।
नितिन नवीन ने युवा साथियों से कहा कि जीवन में शॉर्टकट से बचना चाहिए। जिस भय के वातावरण से पश्चिम बंगाल को निकालकर भरोसे के वातावरण की ओर ले जाने का प्रयास किया जा रहा है, उससे उन्हें पूरा भरोसा है कि पश्चिम बंगाल अपने खेल के इतिहास को फिर से दोहराएगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री से यह भी कहा कि खेल के साथ-साथ युवाओं के लिए युवा नीति पर भी काम किया जाना चाहिए। आज के युवाओं को केवल एक प्लेटफॉर्म की जरूरत है, क्योंकि वे केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार पैदा करने वाले भी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में स्टार्टअप को बढ़ावा दिया है और आज उसी के आधार पर देश में 2.5 लाख से अधिक स्टार्टअप काम कर रहे हैं।
खेल और संस्कृति का जिक्र करते हुए भाजपा चीफ ने कहा कि आज के समाज में खेल और संस्कृति से जुड़ी चीजें कहीं न कहीं पीछे चली गई हैं। पहले लोग मुख्य रूप से टीवी देखते थे, लेकिन अब सीधे मोबाइल फोन पर आ गए हैं। पहले बच्चे शाम होते ही मैदान में खेलने के लिए निकल जाते थे। वह समय आज पूरे देश में कहीं खो गया है। बच्चों को जो समय मैदान में बिताना चाहिए, वह आज मोबाइल फोन पर बीत रहा है। यही कारण है कि हमारी वास्तविक ताकत कहीं न कहीं कमजोर हुई है। हमें इस पर भी ध्यान देना बहुत आवश्यक है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से खेल के साथ-साथ युवा नीति पर भी काम करने का आग्रह किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Sept 2026 7:33 PM IST












