पश्चिम बंगाल उपचुनाव कांग्रेस ने घोषित किए उम्मीदवार, रेजीनगर से अब्दुल्लाहिल काफी और नंदीग्राम से मिलन प्रधान को टिकट
कोलकाता, 11 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव 2026 के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दो सीटों पर उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दी है।
एआईसीसी से जारी सूची के मुताबिक 70-रेजीनगर विधानसभा सीट से मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफी को कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया है, जबकि 210-नंदीग्राम की हाई-प्रोफाइल सीट से मिलन प्रधान को मैदान में उतारा गया है।
रेजीनगर मुर्शिदाबाद जिले की अहम सीट मानी जाती है, जहां अल्पसंख्यक मतदाताओं की निर्णायक भूमिका रहती है। मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफी स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेता माने जाते हैं और संगठन में उनकी पकड़ मजबूत है। कांग्रेस ने इस सीट पर मुस्लिम चेहरे पर दांव खेलकर सामाजिक समीकरण को साधने की कोशिश की है।
वहीं, नंदीग्राम पूरे राज्य की सबसे चर्चित सीटों में से एक है। यह वही सीट है जहां 2021 में ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बीच कड़ा मुकाबला हुआ था। इस बार उपचुनाव में कांग्रेस ने मिलन प्रधान को प्रत्याशी बनाकर मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की तैयारी की है। मिलन प्रधान युवा चेहरा हैं और पूर्व मेदिनीपुर में कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है, लेकिन कांग्रेस और वाम मोर्चा गठबंधन भी अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने की कोशिश में है।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी जल्द ही प्रचार अभियान तेज करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभंकर सरकार ने दोनों उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने की अपील की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Sept 2026 11:39 PM IST












