पटना की पहचान रामनवमी महोत्सव से हो, ऐसा हमारा प्रयास है नितिन नवीन
पटना, 16 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पटना श्री श्री रामनवमी शोभायात्रा अभिनंदन समिति के संयोजक नितिन नवीन ने सोमवार को कहा कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस साल भी रामनवमी के मौके पर भव्य आयोजन की व्यवस्था अभिनंदन समिति की ओर से की गई है। उन्होंने यहां 27 मार्च को होने वाली रामनवमी को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तृत चर्चा की।
उन्होंने कहा कि विभिन्न मोहल्लों से निकलने वाली मनोरम झांकियों की संख्या इस साल 52 होगी, जो राजधानी पटना के दीघा से ट्रांसपोर्ट नगर तथा सिपारा से गायघाट तक के इलाकों से अलग-अलग पूजा कमेटियों के द्वारा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि रामनवमी सनातन आस्था के आराध्य प्रभु श्री राम के प्राकट्य का उत्सव है और इसे प्रत्येक सनातन में आस्था रखने वालों को धूमधाम से मनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि पटना की पहचान रामनवमी महोत्सव से हो। इस साल निकाली जाने वाली झांकियों में प्रभु श्री राम के जीवन चरित्र और प्रेरक प्रसंगों का चित्रण किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की भी सहभागिता रहेगी। शहर के सभी मुख्य चौक-चौराहों पर छोटे अथवा बड़े राम ध्वज लगाए जा रहे हैं। साथ ही, सनातन धर्मावलंबियों से अपने घरों के ऊपर भी राम ध्वज लगाने की अपील की जा रही है। मोहल्लों में स्थानीय पूजा कमेटी से आग्रह किया गया है कि वे आसपास की झुग्गी एवं दलित बस्तियों में जाकर श्री राम ध्वज की स्थापना करें। एक लाख विक्रम संवत् कैलेंडर का वितरण भी किया जाएगा।
सजावट की दृष्टि से पटना के सभी मुख्य मार्गों पर आकर्षक तोरण द्वार और रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। मार्ग में कई सामाजिक संगठनों के द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और शरबत की भी सुविधा उपलब्ध होगी। रामनवमी शोभायात्रा में देश के अलग-अलग हिस्सों से भी कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करने राजधानी पटना आएंगे। इसमें मुंबई की प्रसिद्ध बैंड, झारखंड की नृत्य मंडली, काशी से गंगा आरती की टीम, सिख समुदाय के निहंगों द्वारा प्रदर्शन, और बंगाल के चंदन नगर की आकर्षक लाइट से श्री राम चौक डाकबंगला को सजाया जाएगा।
मुख्य आयोजन स्थल मंच को प्रभु श्री राम और हनुमान जी की आकृतियों से आकर्षक बनाया जाएगा। आयोजन के मुख्य आकर्षण स्थल के मंच पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अलावा बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री, सांसद तथा विधायक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों समेत प्रबुद्ध और वरिष्ठ नागरिक भी उपस्थित रहेंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 March 2026 6:55 PM IST












