- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर से दिल्ली- मुंबई- बंगलुरु...
Nagpur News: नागपुर से दिल्ली- मुंबई- बंगलुरु हैदराबाद की फ्लाइट हुई महंगी, नागपुर-मुंबई इंडिगो की फ्लाइट अचानक रद्द

Nagpur News. हवाई सफर अब और महंगा हो गया है। एयरलाइंस कंपनियों ने हाल ही में फ्यूल सरचार्ज (ईंधन सरचार्ज) बढ़ा दिया है, जिसके कारण कई प्रमुख रूटों पर फ्लाइट टिकट के दाम बढ़ गए हैं। मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद, बंगलुरु और मुंबई जैसे बड़े शहरों के लिए उड़ानों का किराया अब पहले से 1500 से 2000 रुपए तक ज्यादा हो गया है।
किराये में इस तरह उछाल : जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में एयरलाइंस ने टिकटों में नया फ्यूल सरचार्ज जोड़ दिया है। इसका सीधा असर यात्रियों के किराए पर पड़ा है। खासतौर पर वीकेंड और पीक ट्रैवल डेट्स में किराए में और ज्यादा बढ़ोतरी देखी जा रही है। नागपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट का किराया, जो पहले करीब 6 से 7 हजार रुपए के बीच मिल जाता था, अब कई तारीखों में 8 से 9 हजार रुपए तक पहुंच गया है। इसी तरह बंगलुरु और हैदराबाद के रूट पर भी टिकटों के दाम में 1500 से 2000 रुपए तक का उछाल देखा जा रहा है।
गर्मी की छुट्टियों से पहले और बढ़ सकते हैं दाम : ट्रैवल एजेंट्स का मानना है कि आने वाले दिनों में गर्मी की छुट्टियों और शादी के सीजन के चलते हवाई यात्रियों की संख्या और बढ़ेगी। ऐसे में यदि एयरलाइंस ने अतिरिक्त उड़ानें नहीं बढ़ाईं तो टिकटों के दाम और ऊपर जा सकते हैं।
रूट (नागपुर से) पहले का किराया अब का किराया
नागपुर - मुंबई 5,800 -6500 7000 - 8,500
नागपुर - दिल्ली 5,500 - 6,200 8,800 - 9,500
नागपुर - पुणे 5,500 - 7,200 6,800 - 8,500
नागपुर - बंगलुरु 5,100 - 6,200 7,800 - 8,500
नागपुर - हैदराबाद 5,200 - 6,800 8,500 - 9,200
नागपुर - कोलकाता 8,100 - 10,500 10,200 - 12,500
नागपुर - अहमदाबाद 6800-7,500 8,400 - 9,300
नागपुर-मुंबई इंडिगो की फ्लाइट अचानक रद्द
उधर मुंबई जाने वाले यात्रियों को रविवार को परेशानी का सामना करना पड़ा। इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-659 को अचानक रद्द कर दिया गया। यह उड़ान रोजाना शाम 6 बजे नागपुर से उड़ान भरकर रात 8:15 बजे मुंबई पहुंचती है। फ्लाइट रद्द होने की कोई पूर्व सूचना इंडिगो की ओर से नहीं दी गई।
दूसरी फ्लाइट 7 घंटे देरी से रवाना : इंडिगो की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार नागपुर से मुंबई के लिए संचालित होने वाली एक अन्य उड़ान 6ई-462 भी तय समय पर नहीं उड़ सकी। यह फ्लाइट दोपहर 12:55 बजे नागपुर से उड़ान भरकर 2:30 बजे मुंबई पहुंचने वाली थी। लेकिन तकनीकी या संचालन संबंधी कारणों से इसमें करीब 7 घंटे की देरी हुई। इसके बाद विमान शाम 7:26 बजे नागपुर से रवाना हुआ और करीब रात 9 बजे मुंबई पहुंचा।
एयर इंडिया की नई सेवा शुरू : दिल्ली से नागपुर के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की नई फ्लाइट शुरू की जा रही है। विभिन्न बुकिंग वेबसाइट्स पर इसकी टिकट बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। प्रस्तावित शेड्यूल के अनुसार यह फ्लाइट दिल्ली से सुबह 4 बजे उड़ान भरकर सुबह 5:45 बजे नागपुर पहुंचेगी। नई सेवा शुरू होने से दिल्ली और नागपुर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
Created On :   16 March 2026 7:38 PM IST












