Nagpur News: एआई से अब मिनटों में दर्ज होगी एफआईआर - नंदनवन थाने में किया गया अभिनव प्रयोग

एआई से अब मिनटों में दर्ज होगी एफआईआर - नंदनवन थाने में किया गया अभिनव प्रयोग
  • सीसीटीएनएस सिस्टम में दर्ज करने में 30 से 60 मिनट का समय लगता था
  • एफआईआर दर्ज करने में भी घंटों का समय लगता था

Nagpur News. पुलिस थानों में शिकायत दर्ज कराने के लिए अब नागरिकों को घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। नागपुर पुलिस के जोन-4 में एक नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित सिस्टम शुरू किया गया है, जिसमें शिकायत दर्ज की प्रक्रिया को बेहद तेज और आसान बना दिया है।

प्रक्रिया में आएगी तेजी

पहले किसी भी गैर-संज्ञेय (एनसी) शिकायत को सीसीटीएनएस सिस्टम में दर्ज करने में 30 से 60 मिनट का समय लगता था। एफआईआर दर्ज करने में भी घंटों का समय लगता था। अधिकारी को दस्तावेज जांचने और मैन्युअल टाइपिंग करने में काफी मशक्कत करनी पड़ती थी। नंदनवन थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक कैलाश देशमाने ने इस विकसित तकनीक की मदद से यही काम 2 से 3 मिनट में कर दिखाया है। इस सिस्टम में एआई के साथ-साथ वॉइस टाइपिंग और वॉट्सएप जैसे टूल्स का उपयोग किया गया है। इससे न केवल चोरी, मोबाइल गुम होने और घरफोड़ी जैसी शिकायतों काे दर्ज करने की प्रक्रिया तेज हुई है, बल्कि टाइपिंग की गलतियां भी कम हुई हैं।

बड़ी बातें

  • समय की बचत : 60 मिनट का काम अब मात्र 2 से 3 मिनट में होगा पूरा।
  • शून्य खर्च : बिना किसी अतिरिक्त बजट के मौजूदा संसाधनों से सिस्टम तैयार ।
  • महिला सशक्तिकरण : 165 महिला पुलिस कर्मियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण।

इन थानों में शुरू हुई सुविधा

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रश्मिता राव के मार्गदर्शन में इस पहल को सबसे पहले नंदनवन पुलिस स्टेशन में लागू किया गया। इसकी सफलता को देखते हुए इसे अब जोन-4 के अन्य थानों में भी विस्तार दिया गया है, जिनमें सक्करदरा, इमामवाड़ा, हुड़केश्वर, अजनी, बेलतरोड़ी शामिल हैं। उसके लिए 165 महिला पुलिस कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है।

बिना खर्च के बड़ा बदलाव

इस नए प्रयोग की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसे बनाने में विभाग का एक भी पैसा खर्च नहीं हुआ है। उपलब्ध कंप्यूटर संसाधनों और मुफ्त एआई टूल्स का उपयोग करके इसे तैयार किया गया है। इससे महिला पुलिस कर्मचारियों के काम का बोझ कम हुआ है। उन्हें एआई प्रणाली का प्रशिक्षण दिया गया है। इससे काम में पारदर्शिता बढ़ी है। जोन-4 में मिली शानदार सफलता के बाद, अब नागपुर पुलिस इस एआई सिस्टम को पूरे शहर के सभी पुलिस स्टेशनों में लागू करने की योजना बना रही है।

Created On :   15 March 2026 9:26 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story